नोएडा एयरपोर्ट के अंडरपास में भरा पानी, वायरल हुआ वीडियो; विश्वस्तरीय व्यवस्था पर सवाल
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के नव-निर्मित अंडरपास में भारी बारिश के बाद जलभराव का वायरल वीडियो सामने आया है. यह वीडियो एयरपोर्ट की विश्वस्तरीय जल निकासी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है. यात्रियों की आवाजाही वाले इस महत्वपूर्ण रास्ते पर पानी भरने से प्रबंधन की चुप्पी और भविष्य की तैयारियों पर चिंताएं बढ़ गई हैं. शुरुआती बारिश में ही यह हाल चिंताजनक है.
ग्रेटर नोएडा में हुई तेज बारिश के बाद नव निर्मित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का बुरा हाल हो गया. इस एयरपोर्ट का एक वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है. इस वायरल वीडियो में एयरपोर्ट के फोरकोर्ट और पार्किंग एरिया को जोड़ने वाले अंडरपास में कई फिट तक पानी भरा दिख रहा है. वीडियो सामने आने के बाद विश्वस्तरीय सुविधाओं वाले इस एयरपोर्ट की ड्रेनेज और जल निकासी व्यवस्था पर सवाल खड़े होने लगे हैं.
बारिश के बाद सामने आए वीडियो में एयरपोर्ट परिसर के भीतर यात्रियों की आवाजाही वाले रास्ते पर पानी भरा नजर आ रहा है. कुछ लोग पानी के बीच से आते जाते भी नजर आ रहे हैं. वहीं इस जलभराव से हुई किरकिरी के बाद कर्मचारी स्थिति को संभालते नजर आ रहे हैं.इस जलभराव को लेकर सोशल मीडियों में सवालों की बाढ़ आ गई है. लोग पूछ रहे हैं कि शुरुआती बारिश में ही अंडरपास का ये हाल हो गया, तेज बारिश होगी तो हालात कितने गंभीर हो सकते हैं.
फोरकोर्ट और पार्किंग को जोड़ता है अंडरपास
एयरपोर्ट पर बना यह अंडरपास फोरकोर्ट को पार्किंग क्षेत्र से जोड़ता है. एयरपोर्ट से बाहर निकलने वाले यात्रियों के लिए यह महत्वपूर्ण रास्ता है. ऐसे में यहां जलभराव होने से यात्रियों की आवाजाही प्रवाहित होने की आशंका है. वायरल वीडियो में अंडरपास के अंदर पानी की गहराई काफी अधिक दिखाई दे रही है. आसपास मौजूद लोगों ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है. दरअसल, एयरपोर्ट परिसर में पानी की निकासी बेहद महत्वपूर्ण होती है. ऐसे में लोग यहां की जल निकासी क्षमता और ड्रेनेज सिस्टम पर सवाल उठा रहे हैं.
एयरपोर्ट प्रबंधन ने साधी चुप्पी
वायरल वीडियो को लेकर एयरपोर्ट प्रबंधन की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. यह स्पष्ट नहीं है कि वीडियो कब रिकॉर्ड किया गया और अंडरपास में कितनी देर तक पानी जमा रहा. साथ ही यह भी पता नहीं चल पाया है कि पानी निकालने के लिए क्या कदम उठाए गए.अब लोगों की नजर एयरपोर्ट प्रबंधन के आधिकारिक स्पष्टीकरण और जल भराव की समस्या के स्थाई समाधान पर है.