ग्रेटर नोएडा में 15 दिनों के अंदर 2 बार टूट गई करोड़ों की लागत से बनी सड़क
ग्रेटर नोएडा के जेवर में एक सड़क अपने निर्माण के 15 दिनों के अंदर दो बार टूट गई. अब स्थानीय लोगों की लगातार शिकायत के बाद विभाग हरकत में आया और निर्माण एजेंसी को सड़क दोबारा बनाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है.
ग्रेटर नोएडा के जेवर क्षेत्र में करोड़ों रुपए की लागत से बनाई गई सड़क महज 15 दिन में दो बार टूट गई. सड़क की खराब हालत को लेकर अब निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं. मामला हमिदपुर से बुलंदशहर को जोड़ने वाला राष्ट्रीय राजमार्ग 334 डीडी से जुड़ा है. यहां मरम्मत के बाद भी सड़क जगह-जगह से उखड़ने लगी. स्थानीय लोगों की लगातार शिकायत के बाद विभाग हरकत में आया और निर्माण एजेंसी को सड़क दोबारा बनाने की जिम्मेदारी सौंपी गई.
मरम्मत के कुछ दिन बाद ही उखड़ी सड़क
लंबे समय से खराब पड़े इस मार्ग को सुधारने के लिए करोड़ों रुपए की लागत से टेंडर जारी किया गया था. नोएडा की मां भगवती कंस्ट्रक्शन कंपनी ने इसपर काम शुरू किया और करीब 1 किलोमीटर हिस्से का निर्माण पूरा किया. लेकिन निर्माण के कुछ ही दिन बाद सड़क टूटने लगी. विभाग ने पहले सड़क की मरम्मत कराई, लेकिन 5 दिन बाद ही सड़क फिर से खराब हो गई. जगह-जगह गड्ढे बन गए. लोगों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि करोड़ों खर्च होने के बाद भी सड़क के ऐसे हालात हैं ,जिससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं.
दोबारा निर्माण की मांग
बीजेपी जेवर मंडल अध्यक्ष संजीव शर्मा ने नाराजगी जाते हुए कहा कि सड़क पिछले करीब 2 साल से खराब थी. स्थानीय सांसद डॉक्टर महेश शर्मा के प्रयासों से सड़क का टेंडर पास हुआ था. लेकिन खराब निर्माण सामग्री के चलते 15 दिन में ही दोबारा सड़क टूट गई. उन्होंने विभाग से सड़क को पूरी तरह उखाड़ कर दोबारा बनाने की मांग की है. इस पूरे मामले में राष्ट्रीय राजमार्ग खंड लोक निर्माण विभाग गाजियाबाद के अधिशासी अभियंता अरविंद सिंह यादव से बात की तो उन्होंने बताया कि निर्माण एजेंसी को क्षतिग्रेड सड़क पूरी तरह उखड़ कर दोबारा बनाने के नोटिस जारी किया गया है.