21 मिनट में सराय काले खां से जेवर.. बुलेट ट्रेन, नमो भारत, मेट्रो और पॉड टैक्सी से जुड़ेगा नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट
जेवर एयरपोर्ट को मल्टी मॉडल ट्रांसपोर्ट हब के तौर पर तैयार किया जा रहा है. यहां रैपिड रेल बुलेट ट्रेन, मेट्रो, भारतीय रेलवे और पॉड टैक्सी जैसी आधुनिक सुविधाओं को देने की तैयारी की जा रही है. ताकि एयरपोर्ट तक आसपास के शहरों के लोगों का आना-जाना आसान हो सके.
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट अब सिर्फ हवाई सेवाओं के लिए सीमित नहीं रहेगा. आने वाले समय में यह देश और दुनिया के सबसे आधुनिक मल्टी मॉडल ट्रांसपोर्ट हब के रूप में अपनी अलग पहचान बनाएगा. यहां यात्रियों को एयरपोर्ट से निकलते ही रैपिड रेल बुलेट ट्रेन, मेट्रो, भारतीय रेलवे और पॉड टैक्सी जैसी आधुनिक सुविधाओं की कनेक्टिविटी मिलेगी.बता दें कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट 15 जून से अपनी पहली व्यावसायिक उड़ान के लिए तैयार है.
जेवर एयरपोर्ट पर पहली फ्लाइट लखनऊ से आएगी. इंडिगो की पहली फ्लाइट आज सुबह 7:05 बजे लखनऊ स्थित चौधरी चरण सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट से रवाना होकर सुबह 8:05 बजे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लैंड करेगी. शुरुआत में एयरपोर्ट से देश के 16 से अधिक शहरों को जोड़ने की तैयारी है. इनमें बेंगलुरु, हैदराबाद, अमृतसर, श्रीनगर, जयपुर, भोपाल और देहरादून जैसे शहर शामिल है.
नमो भारत रैपिड रेल से सीधे एयरपोर्ट पहुंचेंगे यात्री
जेवर एयरपोर्ट को दिल्ली और गाजियाबाद से जोड़ने के लिए 72 किलोमीटर लंबे गाजियाबाद जेवर नमो भारत कॉरिडोर को मंजूरी मिल चुकी है. यह रोड गाजियाबाद रेलवे स्टेशन से शुरू होकर ग्रेटर नोएडा और यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास क्षेत्र के प्रमुख सेक्टरों से गुजरते हुए सीधे एयरपोर्ट तक पहुंचेगा. इस कॉरिडोर के बनाने के बाद मेरठ दिल्ली और गाजियाबाद के यात्री बिना ट्रेन बदले हाई स्पीड रैपिड रेल के जरिए सीधे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक पहुंच सकेंगे.
बुलेट ट्रेन से 21 मिनट में दिल्ली से जेवर एयरपोर्ट तक का सफर
दिल्ली-वाराणसी हाई स्पीड रेल कॉरिडोर से जोडने के लिए भी इस एयरपोर्ट को हब स्टेशन बनाया जाएगा. योजना के तहत दिल्ली के सराय काले खां से यात्री सिर्फ करीब 21 मिनट में जेवर एयरपोर्ट पहुंच सकेंगे. बुलेट ट्रेन स्टेशन को एयरपोर्ट टर्मिनल के नीचे या ग्राउंड ट्रांसपोर्ट सेंटर में तैयार करने की योजना है. आगे इसे आगरा ,लखनऊ और वाराणसी तक कनेक्ट किया जाएगा.
मेट्रो और नई रेलवे स्टेशन से बढ़ेगी कनेक्टिविटी
नोएडा एयरपोर्ट को मेट्रो नेटवर्क से जोड़ने के लिए नॉलेज पार्क टू मेट्रो स्टेशन से यमुना एक्सप्रेसवे के समांतर नई मेट्रो लाइन बनाने की तैयारी हैं. इसे मौजूदा दिल्ली-एनसीआर मेट्रो नेटवर्क से जोड़ा जाएगा. इसके अलावा एयरपोर्ट के पास भारतीय रेलवे की चोला रुंधी लाइन परियोजना के तहत नया रेलवे स्टेशन बनाया जाएगा. इससे यात्री वंदे भारत राजधानी और शताब्दी जैसी ट्रेनों से भी एयरपोर्ट तक पहुंच सकेंगे. एयरपोर्ट के आसपास करीब 849 एकड़ जमीन पर मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक हब विकसित किया जा रहा है. यहां अंतरराष्ट्रीय बस टर्मिनल, लोकल बस डिपो, मेट्रो स्टेशन और रेलवे टर्मिनल जैसी सुविधाएं एक ही जगह पर उपलब्ध होगी.
