नोएडा में बदमाशों ने पुलिस वाले को ही लूट लिया, मारा-पीटा और चलती कार से बाहर फेंक हो गए फुर्र
नोएडा में एक पुलिस वाले के साथ बदमाशों ने लूटपाट कर डाला. पहले उसे लिफ्ट देने के बहाने अपनी गाड़ी में बिठाया. फिर उसके साथ मारपीट की और बैग, मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड और अन्य जरूरी सामान लूट लिया.
यूपी का हाईटेक शहर माने जाने वाला नोएडा कितना सुरक्षित है, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि यहां पर खाकी भी सुरक्षित नहीं है. दरअसल, एक ऐसा मामला सामने आया जिसमें बदमाशों ने पुलिसकर्मी को ही अपना निशाना बनाकर लूट लिया. इतना ही नहीं, विरोध करने पर पुलिसकर्मी के साथ मारपीट भी की.
पीड़ित पुलिसकर्मी अनुज कुमार जोकि वर्तमान में मथुरा के जमुना पार थाने में तैनात है. वह मूल रूप से अमरोहा के जया क्षेत्र का रहने वाला है. 20 मई को वह छुट्टी लेकर अपने घर जाने के लिए निकला था. रात के समय वह नोएडा के सेक्टर 62 के पास बस का इंतजार कर रहा था. इसी दौरान एक कार चालक ने जोया की तरफ जाने के बात कहकर उसे गाड़ी में बैठा लिया.
पुलिस वाले को मारा-पीटा और गालियां दी
पीड़ित अनुज कुमार के अनुसार कार में पहले से दो युवक मौजूद थे. शुरुआत में सब सामान्य सा लग रहा था. लेकिन कुछ दूरी तय करने के बाद तीनों का व्यवहार अचानक बदल गया. कार सवार ने पुलिसकर्मी के साथ गाली गलौज शुरू कर दी. विरोध करने पर तीनों ने मिलकर उसके साथ मारपीट की. फिर उसका बैग, मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड और अन्य जरूरी सामान लूट लिया.
लूटपाट के बाद पुलिस वाले को कार से फेंक फरार हो गए
इतना ही नहीं लूटपाट और मारपीट के बाद आरोपी, पुलिसकर्मी को दादरी क्षेत्र के बोड़ाकी गांव के पास चलती कार से धक्का देकर फरार हो गए. मारपीट में पुलिसकर्मी घायल भी हुआ है. किसी तरह पीड़ित ने स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस को सूचना दी. घटना की जानकारी मिलते ही दादरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है.
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरा की फुटेज कंगाल रही है और बदमाशों की पहचान करने के लिए प्रयास किया जा रहे है.पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा..
