मोबाइल की लत ने बुझाया घर का चिराग, स्टंट में गई बच्चे की जान; 3 बहनों का इकलौता भाई था वंश

ग्रेटर नोएडा में मोबाइल स्टंट की नकल करते 11 वर्षीय वंश की मौत ने सबको झकझोर दिया है. गले में कपड़ा कसने से उसकी जान चली गई. यह घटना बच्चों में मोबाइल लत और ऑनलाइन सामग्री के खतरनाक प्रभावों को उजागर करती है. माता-पिता को बच्चों की डिजिटल गतिविधियों पर कड़ी नज़र रखनी चाहिए और उन्हें ऐसे जानलेवा खेलों से दूर रखना चाहिए ताकि ऐसी त्रासदियों से बचा जा सके.

नोएडा में मोबाइल की लत ने बुझा दिया घर का चिराग Image Credit:

राष्ट्रीय राजधानी से सटे उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में एक हैरान करने वाली घटना हुई है. यहां एक 11 साल का बच्चा पर मोबाइल पर स्टंटबाजी का खेल देखकर नकल करने लगा और इसी दौरान गरदन में कपड़ा कस जाने की वजह से उसकी मौत हो गई. मामला ग्रेटर नोएडा के दनकौर कोतवाली क्षेत्र में मकनपुर खादर गांव का है. इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है.

जानकारी के अनुसार मकनपुर खादर गांव में रहने वाला 11 वर्षीय वंश अपने पिता सुनील की चार संतानों में इकलौता बेटा था. उसकी तीन बहने हैं और वह अपनी बड़ी बहन से छोटा था. वह पांचवी कक्षा में पढ़ाई करता था. ग्रामीणों के मुताबिक उसे मोबाइल देखने की लत थी और वह अक्सर मोबाइल पर वीडियो स्टंट देखता रहता था. बताया जा रहा है की वह घर में बच्चों संग खेलते खेलते कमरे में गया और किसी स्टंट की नकल करने लगा.

कपड़ा कसने से घुट गया गला

स्टंट करते समय अचानक उसके गले में कपड़ा कस गया और गला घुटने से उसकी मौत हो गई. जानकारी होने पर परिजन उसे लेकर अस्पताल पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. इधर, इकलौते बेटे की मौत की खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. घटना के बाद से ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. दनकौर पुलिस के अनुसार शव का पंचनामा कराया गया, लेकिन परिजनों ने पोस्टमार्टम से मना कर दिया है.

जांच में जुटी पुलिस

दनकौर थाना प्रभारी के मुताबिक अभी तक मोबाइल पर गेम खेलने जैसी कोई बात तो सामने नहीं आई है, लेकिन यह पता किया जा रहा है कि वह किस तरह का स्टंट कर रहा था. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक डिजीटलाइजेशन के युवक में कुछ बच्चे मोबाइल का नाजायज उपयोग करने लगे हैं. ऐसे में माता-पिता की जिम्मेदारी काफी बढ़ गई है. ऐसे हादसों से बचने के लिए उन्हें बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों पर नजर रखनी चाहिए.

Follow Us