पूर्वांचल में बारिश, पश्चिमी UP में सताएगी गर्मी; अब कहां हिचकोले खा रहा मानसून?

मानसून अभी बिहार-बंगाल में अटका है, जिससे उत्तर प्रदेश में इसकी एंट्री में देरी हो रही है. मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वांचल में प्री-मानसून के तहत 2 जुलाई तक हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि पश्चिमी यूपी में गर्मी का प्रकोप जारी रहेगा. नोएडा को जुलाई के पहले सप्ताह तक मानसून का इंतजार करना होगा. हालांकि, 29 जून तक पूरे यूपी में मानसून की बारिश शुरू होने की उम्मीद है, जिससे गर्मी से राहत मिलेगी.

यूपी में गर्मी Image Credit:

बारिश के दिनों में से रोज एक दिन कम होता जा रहा है, लेकिन अभी भी मानसून बिहार बंगाल में ही हिचकोले खा रहा है. पहले ही चार दिन लेट हो चुके मानसून को लेकर मौसम विभाग का दावा है कि अभी भी मानसून आने में तीन से चार दिन लग सकते हैं. इधर, प्री-मानसून के तहत आज पूर्वांचल में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं. वहीं पश्चिमी यूपी में मौसम शुष्क रहेगा. गर्मी और उमस की वजह से लोग परेशान हो सकते हैं.

भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक पूर्वांचल में 26 जून से 2 जुलाई के बीच गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है. कई जिलों में मध्यम बारिश का भी अनुमान है. जबकि पश्चिमी यूपी में भी 30 जून के बाद मौसम बदलने की संभावना है. मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र से जारी ताजा बुलेटिन के मुताबिक पश्चिमी यूपी में 30 जून से 2 जुलाई के बीच तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है.

ऐसे बदलेगा मौसम

मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक उत्तर प्रदेश में 29 जून से एक नया मौसम तंत्र शुरू होने का अनुमान है. उन्होंने बताया कि इस मौसम तंत्र की वजह से पूर्वांचल के कई जिलों में 29 जून से तेज हवा के साथ बारिश होने की संभावना है. वहीं पश्चिमी यूपी में 30 जून के बाद मौसम में बदलाव होगा और 60 किमी की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. इस बीच बारिश होने से पूर्वांचल में लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है.

नोएडा में बढ़ा इंतजार

भीषण गर्मी से तप रहे नोएडा, गाजियाबाद को अभी भी बारिश के लिए तीन दिन इंतजार करना होगा. मौसम विभाग के मुताबिक इस क्षेत्र में जुलाई के पहले सप्ताह तक मानसून के एक्टिव होने की संभावना है. पिछले कई दिनों से मानसून की रफ्तार कमजोर बनी हुई थी. इसके चलते नोएडा ग्रेटर नोएडा ग्रेटर नोएडा वेस्ट जेवर दनकौर बिलासपुर समेत पूरे गौतम बुद्ध नगर जिले में भीषण गर्मी और उमस ने लोगों को बेहाल कर रखा है. शुक्रवार को अधिकतम तापमान करीब 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

अभी कहां है मानसून?

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक इस साल मानसून की हालत कमजोर है. वैसे तो बंगाल की खाड़ी से उठा मानसून अपने समय से आगे बढ़ा, उम्मीद थी कि यह मानसून 22 जून तक यूपी में दस्तक देगा, लेकिन यह मानसून बिहार और बंगाल की सीमा पर ही आकर हिचकोले खाने लगा. फिर वहां से आगे बढ़ा तो अभी भी मध्य बिहार में अटका है. मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक एक बार फिर मानसून ने जोर तो पकड़ा है. उम्मीद है कि 29 जून तक यूपी में मानसून की बारिश शुरू हो जाएगी.

Follow Us