नोएडा में 24 घंटे चलने वाला फूड हब! 56 दुकान की तर्ज पर तैयार हो रहे 2 स्ट्रीट मार्केट
नोएडा प्राधिकरण इंदौर की 56 दुकान की तर्ज पर दो नए 24/7 स्ट्रीट मार्केट विकसित कर रहा है. ये बाजार खाने-पीने के शौकीनों के लिए नया ठिकाना होंगे. यहां विभिन्न व्यंजनों के साथ हैंगआउट की सुविधा भी मिलेगी.
नोएडा शहर में खरीदारी और खानपान के शौकीनों के लिए जल्द एक नया ठिकाना मिलने वाला है. नोएडा प्राधिकरण शहर में मध्य प्रदेश के इंदौर की मशहूर 56 दुकानो के तर्ज पर दो आधुनिक स्ट्रीट मार्केट विकसित करने जा रहा है. इन बाजारों में खाने-पीने के साथ-साथ हैंगआउट की सुविधा उपलब्ध कराने की योजना है.
खास बात यह है कि दोनों बाजारों को 24 घंटे और सातों दिन संचालित करने का विचार किया जा रहा है. प्राधिकरण के मुताबिक इन दोनों स्ट्रीट मार्केट को योजना के तहत सेक्टर 38 ए और सेक्टर 18 में विकसित किया जा रहा है. इसका उद्देश्य शहर वासियों को ऐसा स्थान उपलब्ध कराना है, जहां लोग परिवार और अपने दोस्तों के साथ बैठकर अलग-अलग तरह के व्यंजनों का स्वाद ले सकें.
62 हजार शुरुआती किराया, नीलामी से आवंटन
प्राधिकरण की ओर से सेक्टर 38 ए में बोटैनिकल गार्डन और जीआईपी मॉल के बीच 19 कियोस्क तैयार किए गए हैं. वही सेक्टर 18 में बाजार के पास 15 कियोस्क स्थापित किए गए हैं. यहां कियॉस्क यानी छोटे स्टॉल तैयार किया जा रहे हैं. इस पूरी परियोजना पर प्राधिकरण की ओर से करीब 2.5 करोड रुपए खर्च किए जा रहे हैं.
बाजार में आने जाने वाले लोगों के लिए 100 से अधिक वाहनों की सरफेस पार्किंग की व्यवस्था भी की जा रही है. इनका आवंटन किराए पर करने के लिए नोएडा प्राधिकरण के मुख्य प्रशासनिक भवन सेक्टर 96 में नीलामी के माध्यम से बैठक आयोजित की गई. इसमें पांच कंपनियों और चार व्यक्तियों ने हिस्सा लेकर अपने सुझाव दिए.
बैठक में वर्तमान किराए को कम करने की मांग सामने आई है. जानकारी के अनुसार, शुरुआती किराया 62 हजार और इसके साथ 18% जीएसटी तय किया गया है. आवंटन की प्रक्रिया में आवश्यक बदलाव के बाद क्यों उसको जल आवंटित किए जाने की बात कही गई है.
खानपान और हैंगआउट का बनेगा नया अड्डा
प्रस्तावित स्ट्रीट मार्केट में अलग-अलग तरह के व्यंजनों और खान-पान से जुड़ी दुकान होगी. यहां लोगों को बैठने घूमने और खुले वातावरण में समय बिताने के लिए बेहतर माहौल तैयार करने की योजना है. दुकानों के लिए पानी और पीएनजी गैस कनेक्शन जैसी सुविधा अनिवार्य रखी जाएगी. साथ ही साफ सफाई के लिए निर्धारित नियमों का पालन करना होगा.
वहीं, अगर 24 घंटे सातों दिन संचालन की अनुमति मिलती है तो नोएडा में यह बाजार देर रात तक खाने-पीने और घूमने के इच्छुक लोगों के लिए खास आकर्षण बन सकते हैं. हालांकि, अंतिम संचालन व्यवस्था और 24 घंटे खोलने को लेकर पुलिस एवं जिला प्रशासन के साथ समन्वय के बाद फैसला लिया जाएगा.
