एक महीने पहले हुई शादी, अब 16वीं मंजिल से कूदी दुल्हन; पति पर दहेज हत्या का आरोप

नोएडा के सेक्टर-108 में एक नवविवाहिता कामिनी कुमारी ने 16वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली. एक महीने पहले हुई शादी के बाद और अब इस घटना को लेकर परिजनों ने पति पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या का आरोप लगाया है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, जबकि पति ने पत्नी के अवसाद में होने की बात कही है.

16वीं मंजिल से कूदी दुल्हन Image Credit:

नोएडा के सेक्टर-108 स्थित डिवाइन मीडोज सोसाइटी में एक नवविवाहिता ने 16वीं मंजिल से कूद कर जान दे दी है. परिजनों ने उसे गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया है. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दुल्हन का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. उधर, दुल्हन के मायके वालों ने पति पर दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस में तहरीर दी है.

पुलिस के मुताबिक दुल्हन की पहचान 24 वर्षीय कामिनी कुमारी के रूप में हुई है. उसकी शादी करीब एक महीने पहले 11 जुलाई को हुई थी. थाना प्रभारी सेक्टर 39 डीपी शुक्ला ने बताया कि कामिनी मूल रूप से एटा की रहने वाली थी और अपने पति मंथन धीमान के साथ सेक्टर-108 स्थित सोसाइटी के फ्लैट नंबर 1602 में किराये पर रह रही थी. मंथन मूल रूप से देहरादून का निवासी है और एक निजी कंपनी में वीडियो एडिटर के तौर पर काम करता है.

जांच में जुटी पुलिस

पुलिस के मुताबिक कामिनी के नीचे गिरने पर तेज आवाज हुई. इसे सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे. परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर गए, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. परिजनों की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. मौके पर कोई सुसाइड नोट मिला. ऐसे में पुलिस ने दुल्हन के मायके वालों को सूचना देने के बाद फॉरेंसिक टीम की मदद से मामले की जांच शुरू कर दी है.

मानसिक तनाव में सुसाइड

पुलिस के मुताबिक नवविवाहिता के पति ने पूछताछ में बताया है कि कामिनी पिछले कुछ समय से अवसाद में थी. उसका इलाज भी चल रहा था. कामिनी पहले एक बीपीओ में नौकरी करती थी, लेकिन कुछ समय पहले उसने नौकरी छोड़ दी थी. घटना की जानकारी मिलने के बाद कामिनी के मायके वाले भी नोएडा पहुंचे. परिजनों ने उसके पति पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और दहेज हत्या का आरोप लगाया है. पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच की जा रही है.

Follow Us