दोस्तों के साथ शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डाल रहा था पड़ोसी युवक… नोएडा में 13 साल की लड़की ने दी जान
नोएडा में 13 साल की एक लड़की ने जान दे दी. मृतका के परिजनों का कहना है कि पड़ोस का एक युवक किशोरी पर अपने दोस्तों के साथ गलत संबंध बनाने का दबाव डाल रहा था. इससे परेशान होकर किशोरी ने आत्महत्या जैसा खौफनाक कदम उठा लिया.
नोएडा के सेक्टर 63 थाना क्षेत्र के बहलोलपुर कॉलोनी में 13 वर्षीय किशोरी की आत्महत्या का मामला सामने आया है. शनिवार यानी 22 फरवरी की रात किशोरी अपने कमरे में पंखे से लटकी हुई मिली. आनन-फानन में परिजन उसे अस्पताल ले गए, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी. नाबालिग के कमरे एक कथित सुसाइड नोट भी मिला है. इसमें लिखा हुआ है- ‘ जिससे मैंने प्यार किया उसी ने धोखा दिया’. फिलहाल, पुलिस ने नाबालिग के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
घटना के वक्त घर में अकेली थी किशोरी
मृतक किशोरी का परिवार मूल रूप से महोबा का रहने वाली. वर्तमान में सेक्टर 63 के बाहलोलपुर कॉलोनी में किराए पर रह रही थी. पिता मजदूरी कर परिवार का पालन पोषण करते हैं. किशोरी सातवीं कक्षा की छात्रा थी. वह कुछ समय पहले ही अपनी मौसी के घर से वापस आई थी. घटना वाले दिन परिवार के सदस्य घर पर नहीं थे. भाई सुबह काम पर चला गया था, रात करीब 9:30 बजे के आसपास जब वह वापस आया तो घ का दरवाजा खुला मिला. अंदर जाकर देखा तो उसकी बहन पंखे से लटकी हुई थी.
सुसाइड नोट में धोखे का जिक्र
नोएडा के सेंट्रल जोन के एडिशनल डीसीपी ने बताया कि पुलिस को डायल 112 के माध्यम से सूचना मिली कि एक किशोरी ने पंखे से लटक कर सुसाइड कर लिया है. जब पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की तो कमरे से सुसाइड नोट बरामद हुआ. इसमें लिखा था कि जिससे मैंने प्यार किया, उसी ने धोखा दिया. पिता की तहरीर पर पुलिस ने पड़ोस में रहने वाले दो युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें हिरासत में लिया गया है. उनसे पूछताछ की जा रही है.
पड़ोसी युवक कर रहा था ब्लैकमेल!
परिजनों से पूछताछ में पता चला कि पड़ोस का युवक किशोरी पर अपने दोस्तों के साथ गलत संबंध बनाने का दबाव डाल रहा था. इससे परेशान होकर किशोरी ने आत्महत्या जैसा खौफनाक कदम उठा लिया. घटना के बाद रविवार सुबह हिंदू संगठनों के पदाधिकारी और स्थानीय लोग परिजन के साथ एसीपी कार्यालय के बाहर धरने पर बैठकर लोगों ने आरोपियों की जल्दी गिरफ्तारी की मांग की.
