मेडिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स, फिल्म और फिनटेक… यमुना एक्सप्रेस-वे पर अब कोरियन-सिंगापुर सिटी भी

यमुना एक्सप्रेस-वे अब पारंपरिक प्लॉटिंग से हटकर एक मल्टी-सेक्टोरल इंडस्ट्रियल कॉरिडोर में बदल रहा है. मेडिकल डिवाइस, इलेक्ट्रॉनिक्स, फिल्म और फिनटेक सिटीज़ जैसे प्रोजेक्ट्स के साथ जापानी, कोरियन, सिंगापुर सिटी भी बन रही हैं.

यमुना एक्सप्रेसवे

यमुना एक्सप्रेस-वे अब पारंपरिक औद्योगिक प्लॉटिंग से आगे बढ़कर एक संगठित सेक्टर आधारित आर्थिक ढांचे के रूप में सामने आ रहा है. योगी सरकार अब यमुना एक्सप्रेस-वे एक मल्टी-सेक्टोरल इंडस्ट्रियल कॉरिडोर में बदलने की दिशा में आगे बढ़ रही है. यहां फिल्म सिटी, फिनटेक सिटी के अलावा जापानी, कोरियन और सिंगापुर सिटी भी बन रही हैं.

यमुना एक्सप्रेस-वे के किनारे मेडिकल डिवाइस पार्क, इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर, टॉय सिटी और अपैरल पार्क जैसे स्थापित प्रोजेक्ट्स के साथ फिल्म सिटी, फिनटेक सिटी और विदेशी साझेदारी पर आधारित थीम सिटीज विकसित किया जाएगा. सेक्टर-28 में 350 एकड़ में मेडिकल पार्क और सेक्टर-24 में 200 एकड़ का इलेक्ट्रॉनिक्स हब बनाए गए हैं.

टॉय सिटी, अपैरल पार्क और फिल्म सिटी

इसके साथ ही सेक्टर-33 में 100 एकड़ की टॉय सिटी और सेक्टर-29 में 175 एकड़ का अपैरल पार्क विसकत हो रहे हैं. इन परियोजनाओं को इस तरह डिजाइन किया गया है कि कच्चे माल से लेकर तैयार उत्पाद तक की सप्लाई चेन एक ही कॉरिडोर में विकसित हो सके. इसके जेवर एयरपोर्ट पास होंगे, जिससे अंतरराष्ट्रीय निवेशकों के लिए पहुंच आसान होगी.

सेक्टर-21 में लगभग 1000 एकड़ में प्रस्तावित फिल्म सिटी को केवल मनोरंजन परियोजना के रूप में नहीं देखा जा रहा है, इसे मीडिया, कंटेंट प्रोडक्शन और पोस्ट प्रोडक्शन के केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना है. इसके समानांतर सेक्टर-11 में 500 एकड़ में प्रस्तावित फिनटेक सिटी बनेगा, जो डिजिटल भुगतान और ब्लॉकचेन तकनीकों का केंद्र बनेगा.

यहां बनेंगे जापानी, कोरियन और सिंगापुर सिटी

वहीं, अब अंतरराष्ट्रीय सहयोग के दृष्टिकोण से यमुना एक्सप्रेस-वे (YEIDA) पर जापान और सिंगापुर सिटी विकसित की जाएगी. सेक्टर-5ए में जापानी सिटी, सेक्टर-4 में कोरियन सिटी और सेक्टर-7 में सिंगापुर सिटी के लिए 500-500 एकड़ भूमि चिह्नित की गई है. यह विदेशी निवेश आकर्षित करने के साथ संबंधित देशों की तकनीक, प्रबंधन प्रणाली में समाहित भी होगी.