जीसस मेरी स्कूल और रामाज्ञा स्कूल की बसों में टक्कर, ग्रेटर नोएडा में दिन निकलते बड़ा हादसा; मची चीख-पुकार

ग्रेटर नोएडा में सोमवार सुबह दो स्कूल बसों की भीषण टक्कर हो गई, जिसमें रामाज्ञा और जीसस मैरी स्कूल के 15 से अधिक बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे में दोनों बसों के चालक भी गंभीर रूप से जख्मी हैं, एक चालक आईसीयू में है, लेकिन दूसरा मौके से फरार हो गया. दुर्घटना के बाद बच्चों में चीख-पुकार मच गई. मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.

ग्रेटर नोएडा में बड़ा हादसा

राष्ट्रीय राजधानी से सटे उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में सोमवार की सुबह बड़ा हादसा हो गया. यहां दादरी थाना क्षेत्र के रूपवास गांव के पास दो स्कूल बसें आपस में टकरा गई. यह हादसा इतना भयानक था कि दोनों बसों का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. गनीमत रही कि इस हादसे में अभी तक किसी की मौत की सूचना तो नहीं है, लेकिन बताया जा रहा है कि 15 से अधिक बच्चे और दोनों बसों के ड्राइवर गंभीर रूप से जख्मी हैं. उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

यह हादसा सोमवार की सुबह करीब 7:00 बजे का है. बताया जा रहा है कि एक तरफ से रामाज्ञा स्कूल की बस तेज रफ्तार में जा रही थी. इसी दौरान सामने से जीसस मेरी स्कूल की बस भी उतनी रफ्तार से आ गई. इसे देखकर एक बस के ड्राइवर का संतुलन बिगड़ गया और देखते ही देखते दोनों बसों में जोरदार टक्कर हो गई. हादसे के वक्त जीसस मैरी स्कूल की बस में करीब 25 बच्चे सवार थे. वहीं रामाज्ञा स्कूल की बस खाली बताई जा रही है.

हादसे के बाद मची चीख-पुकार

हादसे के बाद बस में सवार बच्चों में चीख पुकार मच गई. टक्कर की आवाज और इन बच्चों की चीखें सुनकर आसपास के लोग भागकर पहुंचे और राहत कार्य शुरू कर दिया. इतने में सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई. इसके बाद सभी घायलों को निकालकर अस्पताल ले जाया गया. बताया जा रहा है कि इस हादसे में एक बस के चालक के सिर में गंभीर चोटें आई हैं. उसकी हालत नाजुक है और उसे अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है.

बच्चों की बची जान

इस भीषण हादसे में भी बस में सवार बच्चों की जान बच गई है. सभी घायल बच्चों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उनका प्राथमिक उपचार किया. वहीं कुछ बच्चों को ज्यादा चोटें आई हैं, उन्हें डॉक्टरों ने अपनी निगरानी में रखा है. वहीं इस हादसे में स्कूल बस के चालक गंभीर रूप को आईसीयू में भर्ती किया गया है. हादसे की सूचना मिलने सभी बच्चों के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए हैं.

लापरवाही पर उठे सवाल

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हालात को संभाला. पुलिस ने दोनों बसों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है. एडिशनल डीसीपी ग्रेटर नोएडा सुधीर कुमार ने बताया कि दूसरी बस का चालक फरार है. उसकी तलाश कराई जा रही है. इसी के साथ हादसे के कारणों की जांच भी कराई जा रही है. इस हादसे ने एक बार फिर स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं.

Follow Us