अब तो प्रोग्राम ही प्रोग्राम होगा… छठें बच्चे की डिलीवरी के बाद सीमा हैदर का वीडियो
सीमा हैदर ने अपने छठें बच्चे को जन्म दिया है और अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद घर पहुंच गई हैं. उसने पति सचिन मीणा के साथ अपने नवजात बच्चे का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया है. इस वीडियो में सीमा और सचिन दोनों बेहद खुश नजर आ रहे हैं. यह सचिन से सीमा का दूसरा बच्चा है, कुल मिलाकर उसके अब छह बच्चे हो गए हैं.
छठें बच्चे की डिलीवरी के बाद सीमा हैदर को अस्पताल से छुट्टी मिल गई है. वह अपने बच्चे के साथ घर भी पहुंच गई है. अस्पताल से डिस्चार्ज होने का वीडियो उसने अपने सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर अपलोड किया है. यह वीडियो खुद सीमा हैदर का भारतीय पति सचिन मीणा बना रहा है. इस वीडियो में वह अपने नवजात बच्चे के साथ है और बहुत खुश है. सचिन से सीमा हैदर को यह दूसरा बच्चा है. इससे पहले उसे बेटी हुई थी.
अपने पाकिस्तानी पति गुलाम हैदर को छोड़ कर साल 2023 में भारत आई सीमा हैदर को पहले पति से चार बच्चे हैं. इस प्रकार अब तक उसके छह बच्चे हो चुके हैं. छठें बच्चे की डिलीवरी के बाद सीमा हैदर का पहला वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है. इसमें पहले वह ह्वीलचेयर पर बैठकर अस्पताल से बाहर आती नजर आ रही है, फिर वह गाड़ी में गोद में बच्चे को लेकर बैठी नजर आ रही है. वहीं इनकी गाड़ी के पीछे सचिन बाइक पर झूमते नाचते नजर आ रहा है.
वीडियो में ही झलकी खुशी
छठें बच्चे के जन्म पर सीमा हैदर ही नहीं, उसका पति सचिन मीणा और उसकी मां भी बहुत खुश है. खुद सीमा हैदर वीडियो में कहती नजर आ रही है कि पहली बेटी मीरा के जन्म के समय भी सचिन उसके साथ था और इस बच्चे के जन्म के समय भी. डिलीवरी के दौरान जितना दर्द उसे हुआ, उससे ज्यादा सचिन को हुआ. इसके बाद सीमा कहती है कि अब तो प्रोग्राम ही प्रोग्राम देखने को मिलेंगे.
पबजी खेलते संपर्क में आए थे दोनों
कोरोना काल में भारत में सचिन मीणा और पाकिस्तान में सीमा हैदर पबजी खेलते हुए एक दूसरे के संपर्क में आए. ऑनलाइन ही दोनों में प्यार हुआ और साल 2023 में सीमा हैदर अपने चार बच्चों के साथ अवैध तरीके से देश की सीमा लांघकर भारत आ गई. दोनों पहली बार नेपाल में मिले, लेकिन उस समय सीमा वापस पाकिस्तान लौट गई थी. इसके कुछ ही दिन बाद वह दोबारा अपने बच्चों को लेकर नेपाल के ही रास्ते भारत आ गई. दोनों ने नेपाल के ही एक मंदिर में शादी भी की है.