मोबाइल से डाटा डिलीट किया, लैपटॉप तोड़ा; फिर छात्र ने खुद को क्यों मार ली गोली? मचा कोहराम

राष्ट्रीय राजधानी से सटे ग्रेटर नोएडा में एक 18 वर्षीय छात्र ने अपने पिता की लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मार ली. आत्महत्या से पहले उसने मोबाइल का सारा डेटा डिलीट किया और लैपटॉप तोड़ दिया था. घटना के पीछे का कारण अज्ञात है, कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है. पुलिस प्रेम प्रसंग सहित सभी संभावित एंगल से जांच कर रही है.

छात्र के सुसाइड का गहराया रहस्य

राष्ट्रीय राजधानी से सटे ग्रेटर नोएडा में एक हैरान करने वाली घटना हुई है. यहां बादलपुर कोतवाली क्षेत्र के धूम मानिकपुर गांव में एक छात्र ने अपने पिता की लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मार ली. सुसाइड से पहले इस युवक ने अपने मोबाइल का सारा डाटा डिलीट किया और लैपटॉप भी तोड़ दिया था. घटना शनिवार देर शाम की है. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने छात्र का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

पुलिस के मुताबिक मृत छात्र 18 साल का था और दादरी स्थित एनटीपीसी स्कूल में 12वीं कक्षा में पढ़ाई कर रहा था. घटना के बाद उसके परिजन तुरंत उसे पास के निजी अस्पताल में ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने देखते ही मृत घोषित कर दिया. इस घटना के बाद से गांव में मातम का माहौल है. परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है. चूंकि घटना स्थल पर कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है. इसलिए घटना से हर कोई हैरान है.

फायरिंग की आवाज से हुई जानकारी

परिजनों ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि शनिवार की शाम घर में सबकुछ सामान्य था. इसी दौरान छात्र देवकरण घर में दूसरी मंजिल पर गया और खुद को गोली मार ली. फायरिंग की आवाज सुनकर घर के लोग भागकर पहुंचे. देखा तो वह जमीन पर गिर कर तड़प रहा था. पास में उसके पिता की पिस्टल भी थी. यह देखकर घर में अफरा-तफरी मच गई. आनन फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया. जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

गहराया रहस्य

पुलिस के मुताबिक कमरे से बच्चे का मोबाइल फोन मिला है, लेकिन इसका सारा डाटा डिलीट हो चुका है. वहीं पास में ही टूटी-फूटी हालत में लैपटॉप भी मिला है. पुलिस के मुताबिक इस घटना के पीछे प्रेम प्रसंग हो सकता है, हालांकि पुलिस अभी साफ तौर पर कुछ भी कहने से बच रही है. पुलिस के मुताबिक कमरे से न तो सुसाइड नोट मिला है और ना ही परिजनों के बयान में ही कुछ संदिग्ध मिला है. इसलिए मामले की हर संभावित एंगल से जांच कराई जा रही है.