CPR भी नहीं बचा सकी जान! नोएडा के स्विमिंग पूल में गाजियाबाद के युवक की मौत

नोएडा के एटीएस हेमलेट स्विमिंग पूल में गाजियाबाद के युवक की डूबने से मौत हो गई, CPR देने के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका. यह घटना सुरक्षा उपायों और आपातकालीन प्रतिक्रिया पर गंभीर सवाल उठाती है. हाल में जन्मदिन पार्टी के दौरान एक युवक की डूबने से मौत हो गई थी.

नोएडा स्विमिंग पूल हादसा: गाजियाबाद के युवक की मौत, Image Credit:

नोएडा के सेक्टर-104 स्थित एटीएस हेमलेट सोसायटी के स्विमिंग पूल में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया. गाजियाबाद के रहने वाले युवक की स्विमिंग के दौरान तबीयत बिगड़ गई और वह पानी में डूब गए. मौके पर मौजूद सोसायटी के लोगों और एक डॉक्टर ने कई बार CPR देकर जान बचाने की कोशिश की, लेकिन सब विफल रहा.

जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान अभिषेक प्रसाद (40 वर्ष) के रूप में हुई है. वह गाजियाबाद के इंदिरापुरम स्थित आदित्य मेगा सिटी सोसायटी के निवासी थे और एक विज्ञापन कंपनी में काम करते थे. उनकी बहन नोएडा के सेक्टर-104 स्थित एटीएस हेमलेट सोसायटी में रहती हैं. अभिषेक अपनी बहन से मिलने आए हुए थे, जहां यह घटना घटी.

दो लैप पूरे किए, तीसरे में संतुलन बिगड़ गया

बताया जा रहा है कि अभिषेक स्विमिंग के दौरान दो लैप पूरे कर चुके थे. तीसरे लैप में अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वह पानी में डूबने लगे. वहां मौजूद लोगों और लाइफगार्ड ने तुरंत उन्हें बाहर निकाला. इसके बाद कई बार सीपीआर दिया गया. सोसायटी में रहने वाले एक डॉक्टर ने भी उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन लेकिन उन्हें होश नहीं आया.

इसके बाद आनन-फानन में अभिषेक को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. स्थानीय लोगों के मुताबिक हार्ट अटैक से मौत की आशंका जताई जा रही है. लेकिन पोस्टमार्टम में मौत का कारण पानी में डूबना बताया गया है. पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया. मामले में शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है.

पहले भी हो चुके हैं कई हादसे, उठे सवाल

गौरतलब है कि नोएडा और ग्रेटर नोएडा में पिछले कुछ सालों में इस तरह के कई हादसे हो चुके हैं. अप्रैल 2024 में सेक्टर 38 ए स्थित एक वाटर पार्क में दिल्ली निवासी युवक की मौत हुई थी. 28 अप्रैल 2026 को ग्रेटर नोएडा के एक युवक की वाटर पार्क में जान चली गई. वहीं, 4 जुलाई को सेक्टर 135 में जन्मदिन पार्टी के दौरान एक युवक की डूबने से मौत हो गई थी.

लगातार हो रही घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था और आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं. मैक्स हॉस्पिटल के वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. अशोक कुमार गोविल का कहना है कि बिना वार्म-अप किए या भोजन करने के तुरंत बाद स्विमिंग नहीं करनी चाहिए. प्रशिक्षित लाइफगार्ड की मौजूदगी में ही स्विमिंग करना सुरक्षित रहता है.

Follow Us