मौसी के घर ईद मनाने आई थी मासूम, बेलगाम ट्रैक्टर ने रौंदा; CCTV में कैद हुई घटना
ग्रेटर नोएडा में ईद मनाने आई एक 11 वर्षीय बच्ची अल्फिया को बालू लदे ट्रैक्टर-ट्रॉली ने रौंद दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. यह हृदय विदारक घटना सीसीटीवी में कैद हो गई. चालक वाहन छोड़ फरार हो गया. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, जबकि परिजनों ने पोस्टमार्टम से इनकार किया है.
राष्ट्रीय राजधानी से सटे उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में एक दिल दहलाने वाली घटना हुई है. यहां अपनी मौसी के घर ईद मनाने आई एक 11 साल की मासूम बच्ची को बालू से लदे ट्रैक्टर-ट्रॉली ने रौंद दिया. इस घटना में बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई. यह पूरी घटना मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है. घटना के बाद ट्रैक्टर चालक गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गया.
यह घटना ग्रेटर नोएडा की ईकोटेक थर्ड कोतवाली क्षेत्र में अलीवर्दी पुर गांव का है. पुलिस के मुताबिक गाजियाबाद में रहने वाली एक 11 साल की बच्ची अल्फिया यहां अलीवर्दी पुर में रहने वाली अपनी मौसी के घर ईद मनाने के लिए आई थी. इस दौरान सोमवार को वह घर के बाहर खड़ी थी, इतने में गली से गुजर रहा बालू लदा ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित हो गया और देखते ही देखते इस बच्ची को कुचल दिया. इसके बाद अनियंत्रित ट्रैक्टर ने घर की दीवार में टक्कर मार दी.
ट्रैक्टर चालक पर केस दर्ज
इस टक्कर की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने ट्रैक्टर के नीचे से बच्ची को निकालकर अस्पताल पहुंचाया. जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. बच्ची की मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया. गांव से भारी संख्या में लोग अस्पताल के बाहर इकट्ठा हो गए. स्थानीय लोगों के मुताबिक यह हादसा ट्रैक्टर चालक तेज की रफ्तार और लापरवाही की वजह से हुआ है. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है.
CCTV कैद हुई पूरी घटना
पुलिस के मुताबिक बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया, लेकिन परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया. पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है. परिजनों के मुताबिक यह पूरी घटना मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है. इस फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि कैसे ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर बच्ची को कुचल देता है. पुलिस अब इसी फुटेज के आधार पर आरोपी चालक की पहचान करने में जुटी है.