नोएडा-गाजियाबाद से बलिया-बनारस तक बदला मौसम, 25 जिलों में तूफान के साथ बारिश का अलर्ट
उत्तर प्रदेश में प्री-मानसून बारिश का दौर जारी है. मौसम विभाग ने आज राज्य के 25 से अधिक जिलों में आंधी-तूफान और हल्की से मध्यम बारिश का अलर्ट जारी किया है, जिसमें नोएडा-गाजियाबाद से लेकर बलिया-बनारस तक शामिल हैं. कई जगह बिजली गिरने की भी आशंका है. इस बारिश से भीषण गर्मी से थोड़ी राहत मिलेगी, और उम्मीद है कि 22 जून तक मानसून दस्तक दे देगा.
उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी के साथ ही प्री मानसून की बारिश का दौर जारी है. नोएडा-गाजियाबाद समेत पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश में दो दिन से सुबह ठंडी बयार चल रही है. वहीं दोपहर होते ही भीषण गर्मी चैन व सुकून छीन ले रही है. इसी बीच भारतीय मौसम विभाग ने आज पूरे प्रदेश में आंधी-तूफान के साथ हल्की से मध्यम बारिश का अलर्ट जारी किया है. कई जिलों में बिजली गिरने का भी अलर्ट जारी किया गया है.
भारतीय मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र से जारी ताजा बुलेटिन के मुताबिक राजधानी लखनऊ से लेकर नोएडा-गाजियाबाद तक और प्रयागराज से लेकर बलिया बनारस तक आज 25 से अधिक बारिश जिलों में मध्यम बारिश हो सकती है. वहीं 10 से अधिक जिलों में हल्की बारिश की संभावना है. इन इलाकों में कई जगह बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं और कुछ जिलों में बिजली गिरने की भी आशंका है.
नोएडा-गाजियाबाद में येलो अलर्ट
मौसम की ताजा परिस्थितियों को देखते हुए आईएमडी ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के नोएडा-गाजियाबाद से लेकर मेरठ-मुरादाबाद समेत 25 से अधिक जिलों के लिए बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है. इन जिलों में 60 से 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी तूफान की भी आशंका है. इसी प्रकार राजधानी लखनऊ से लेकर कानपुर तक और अयोध्या से प्रयागराज, गोरखपुर, बलिया और बनारस समेत कई जिलों में हल्की बारिश का अलर्ट है. इन जिलों में बादल गरजने और बिजली गिरने का भी खतरा है.
कब आएगा मानसून?
मौसम विभाग के मुताबिक इस प्री मानसून की बारिश से दिन में पड़ रही भीषण गर्मी से थोड़ी राहत मिलेगी. पूरे प्रदेश में अधिकतम तापमान 2 से 4 डिग्री तक लुढ़क सकता है. हालांकि आद्रता बढ़ने की वजह से उमस बढ़ सकती है. इससे लोगों को थोड़ी परेशानी हो सकती है. मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 18 जून से 22 जून के बीच यह मानसून कभी भी उत्तर प्रदेश की सीमा में एंट्री कर सकता है. 22 जून तक बंगाल की खाड़ी से चले मानसून की भी उत्तर प्रदेश में एंट्री हो जाएगी. उम्मीद है कि 25 जून तक पूरे प्रदेश में मानसून की बारिश शुरू हो जाएगी.