दिन भर आसमान से बरसी आग, शाम को आंधी तूफान; कल UP में बारिश का अलर्ट

उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी के बाद कई जिलों में आंधी-तूफान आया. बुंदेलखंड में पारा 47 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया. अब भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले तीन दिनों तक प्रदेश के 30 से अधिक जिलों में हल्की से मध्यम बारिश का अलर्ट जारी किया है. इससे लू से तपते यूपी को काफी राहत मिलने की उम्मीद है, और तापमान में भी गिरावट आएगी.

सांकेतिक तस्वीर Image Credit:

उत्तर प्रदेश में बीते एक सप्ताह से गर्मी रोज नए रिकॉर्ड बना रही है. सोमवार को पूरे दिन आसमान से खूब आग बरसी. दोपहर में झुलसाने वाली गर्मी थी. खासतौर पर यूपी के बुंदेलखंड में पारा 47 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया. वहीं प्रयागराज, बनारस, नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ और आगरा आदि शहरों में भी तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया. हालांकि शाम ढलने के साथ मौसम में बदलाव हुआ और रात में आठ बजे के आसपास कई जिलों में आंधी तूफान जैसी स्थिति बनी. इसी बीच भारतीय मौसम विभाग ने मंगलवार को बारिश का अलर्ट जारी किया है.

मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र से जारी ताजा बुलेटिन के मुताबिक अगले तीन दिन यूपी में मौसम मेहरबान हो सकता है. प्रदेश के 30 से अधिक जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. वहीं बाकी में ठंडी हवाओं से गर्मी से राहत मिलेगी. मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार को यूपी के सहारनपुर, मेरठ, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, रामपुर, बुलंदशहर, बदायूं, ज्योतिबाफुले नगर, औरैया, आगरा, मथुरा, महामायानगर, जालौन, फिरोजाबाद, बलरामपुर, कानपुर और लखनऊ आदि जिलों में मध्यम बारिश हो सकती है. वहीं करीब 20 अन्य जिलों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है.

खूब तपा बुंदेलखंड

रविवार को बुंदेलखंड में तापमान 47 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया था. सोमवार को भी बांदा, चित्रकूट, झांसी, हमीरपुर आदि जिलों में तापमान 47.5 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया. मौसम विभाग के अधिकारियों के सोमवार को उत्तर प्रदेश में सबसे गर्म बांदा जिला रहा. यह स्थिति निम्न क्षोभमंडल में प्रदेश के उत्तर पश्चिमी भाग पर बने चक्रवाती परिसंचरण की वजह से बनी. इसकी वजह से प्रदेश के दक्षिणी-पश्चिमी भाग के अतिरिक्त अन्य सभी भागों के तापमान 2-4°C की गिरावट हुई. वहीं बुंदेलखंड में तापमान लगभग 1°C बढ़ गया.

पूरब से पश्चिम तक बदला मौसम

उत्तर पश्चिम भारत को प्रभावित कर रहे वर्तमान पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव बुंदेलखंड के दक्षिणी भाग में पहुंचने से झांसी व ललितपुर में छिटपुट बारिश का दौर शुरू हो गया है. इन्हीं परिस्थितियों में प्रदेश के पूर्वी भाग तक बादलों की आवाजाही बढ़ी है. इसकी वजह से कई जिलों में सोमवार को मेघगर्जन एवं तेज झोंकेदार हवाओं के साथ बूंदाबांदी भी हुई. मौसम विभाग के मुताबिक मौसम में हुए इस बदलाव की वजह से तापमान में गिरावट आएगी और लू में तप रहे उत्तर प्रदेश को काफी राहत मिलेगी.

Follow Us