यूपी पुलिस ने Dial-112 में ई-रिक्शा का इस्तेमाल किया या नहीं? ये है पूरी सच्चाई
सोशल मीडिया पर डायल 112 के एक वायरल वीडियो में पुलिस वाले ई-रिक्शा का इस्तेमाल करते दिख रहे हैं. अब इस वीडियो को सच्चाई सामने आ गई है. यूपी डायल 112 एडीजी नीरा रावत ने स्पष्ट किया है कि यह एक एआई जनरेटेड वीडियो है, जिसे किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा बनाकर वायरल किया गया है. इसकी जांच की जा रही
सोशल मीडिया पर Dial 112 का एक वीडियो वायरल हुआ था. इसमें दावा किया गया था कि पुलिस अब डायल 112 के लिए ई रिक्शा का इस्तेमाल कर रही है. इस वीडियो के सामने आते ही लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं. कइयों ने इसे पेट्रोल डीजल की बढ़ती कीमतों से जोड़ दिया. कई यूजर्स ने यह भी कमेंट किया कि अब पुलिस ई रिक्शा से अपराधियों को पकड़ने निकलेगी.
अब इस वायरल वीडियो पर यूपी Dial 112 का पक्ष सामने आया है. विभाग ने इस वीडियो को पूरी तरह से फर्जी और भ्रामक बताया. विभाग की ओर से जारी स्पष्टीकरण में कहा गया है कि यूपी Dial 112 द्वारा ई रिक्शा का कोई उपयोग नहीं किया जा रहा और ना ही भविष्य में ऐसी कोई योजना है. विभाग का कहना है कि ऐसा प्रतीत हो रहा है कि ये वीडियो आर्टिफिशिएल इंटेलिजेंस की मदद से बनाया गया है.
PRV गाड़ियां पहले की तरह सक्रिय
यूपी Dial 112 एडीजी नीरा रावत ने स्पष्ट किया है कि उनकी सभी पीआरवी (पुलिस रिस्पांस व्हीकल) गाड़ियां पूरी तरह सक्रिय हैं और पर्याप्त ईंधन के साथ काम कर रही हैं. आपातकालीन सेवाओं में किसी प्रकार की कोई बाधा नहीं है और सिस्टम पहले की तरह सुचारू रूप से चल रहा है. किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा एआई जेनरेटेड एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर भ्रामक फैलाया गया है. इसकी जांच की जा रही हैं.
हर दिन हजारों लोगों तक पहुंच रही मदद
विभाग के मुताबिक Dial 112 के तहत प्रतिदिन औसतन 30,000 नागरिकों को तत्काल सहायता प्रदान की जा रही है. यूजर्स ने एआई वीडियो को सच मानकर शेयर किया. इससे गलत जानकारी और तेजी से फैलती गई. Dial 112 विभाग ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी वीडियो या खबर को शेयर करने से पहले उसकी सच्चाई जरूर जान लें. ऐसा ना करने से अफवाह तो फैलती है, साथ ही सरकारी सेवाओं की छवि को भी प्रभावित करती हैं. विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि किसी भी आपात स्थिति में नागरिक सीधे 112 नंबर पर संपर्क करें. यह सेवा 24 घंटे सक्रिय है और लोगों की सुरक्षा के लिए तत्पर है.