जेवर एयरपोर्ट के पास सपनों का आशियाना! YEIDA ला रही है नई प्लॉट स्कीम, जानिए पूरी डिटेल

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के संचालन के साथ ही यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र में आवासीय संपत्तियों की मांग बढ़ रही है. इसीको देखते हुए प्राधिकरण नवरात्र में दो नई आवासीय भूखंड योजनाएं ला रहा है. इनमें 40 से 300 वर्ग मीटर तक के प्लॉट उपलब्ध होंगे. जानिए कौन कर सकेगा आवेदन.

नोएडा एयरपोर्ट के पास प्लॉट लेने का सुनहरा अवसर Image Credit:

नवरात्र के मौके पर घर खरीदने का सपना देख रहे लोगों के लिए अच्छी खबर है. यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) जल्द ही नोएडा एयरपोर्ट के पास दो नई आवासीय भूखंड योजनाएं लॉन्च करने जा रहा है. इन योजनाओं के तहत 40 वर्ग मीटर से लेकर 300 वर्ग मीटर तक के प्लॉट आवंटित किए जाएंगे.

YEIDA के अनुसार, दोनों योजनाएं सेक्टर-5ए में लाई जाएंगी, जो नोएडा एयरपोर्ट से महज पांच मिनट की दूरी पर है. इसी क्षेत्र में प्रस्तावित जापानी सिटी भी विकसित की जानी है. अधिकारियों का कहना है कि आने वाले समय में यह इलाका प्रदेश के सबसे आधुनिक शहरी क्षेत्रों में शामिल होगा, जिससे यहां निवेश और रोजगार के अवसर भी तेजी से बढ़ेंगे.

इन योजनाओं में आवेदन के लिए कुछ शर्तें भी हैं

यमुना प्राधिकरण इस बार दो अलग-अलग श्रेणियों के लिए योजनाएं लेकर आ रहा है. पहली योजना सामान्य श्रेणी के लोगों के लिए होगी, जिसमें 162 से 300 वर्ग मीटर तक के भूखंड उपलब्ध होंगे. दूसरी योजना EWS के लिए होगी, जिसमें 40 वर्ग मीटर के छोटे आवासीय प्लॉट दिए जाएंगे. इससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बड़ा लाभ मिलने की उम्मीद है.

प्राधिकरण ने इन योजनाओं में प्रात्र आवेदन के लिए कुछ शर्तें भी तय की हैं. इन योजनाओं में केवल वही व्यक्ति आवेदन कर सकेंगे, जिन्हें पहले कभी नोएडा, ग्रेटर नोएडा या यमुना प्राधिकरण की किसी आवासीय भूखंड योजना में प्लॉट आवंटित नहीं हुआ हो. जिनके नाम पहले से इन प्राधिकरणों की किसी योजना में भूखंड है, वे इस योजना के पात्र नहीं होंगे.

नवरात्र के दौरान होंगी लॉन्च, तैयारी अंतिम चरण में

योजना शुरू होने के बाद आवेदन पूरी तरह ऑनलाइन होंगे. निर्धारित शुल्क जमा करने के बाद पात्र आवेदनों की जांच की जाएगी और फिर ड्रॉ के माध्यम से सफल आवेदकों का चयन किया जाएगा. नोएडा ग्रेटर, नोएडा, गाजियाबाद, दिल्ली, बुलंदशहर, अलीगढ़ और आसपास के जिलों के लोग इस योजना के माध्यम से प्लॉट प्राप्त कर सकेंगे.

यमुना प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) आर.के. सिंह ने बताया कि नवरात्र के दौरान इन दोनों आवासीय योजनाओं को लॉन्च करने की तैयारी अंतिम चरण में है. उनका कहना है कि एयरपोर्ट के आसपास तेजी से विकसित हो रहे क्षेत्र में नए परिवारों को घर बनाने का अवसर उपलब्ध कराना ही इस योजना का मुख्य उद्देश्य है.

Follow Us