यमुना एक्सप्रेस-वे पर अब नहीं होगा धरना प्रदर्शन! जीरो पॉइंट से 41 KM तक का हिस्सा ‘नो प्रोटेस्ट जोन’ घोषित

यमुना एक्सप्रेसवे के ज़ीरो पॉइंट से 41 किलोमीटर तक के हिस्से को 'नो प्रोटेस्ट जोन' घोषित किया गया है. इलाहाबाद हाईकोर्ट के निर्देश पर यह फैसला लिया गया है. अब इस क्षेत्र में किसी भी तरह के राजनीतिक या गैर-राजनीतिक प्रदर्शनों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा, जिससे आम जनता को होने वाली असुविधा से बचा जा सके.

यमुना एक्सप्रेसवे अब 'नो प्रोटेस्ट जोन Image Credit:

यमुना एक्सप्रेसवे पर यातायात व्यवस्था को सुरक्षित और सुचारू बनाए रखने के लिए बड़ा कदम उठाया गया है. जिले की सीमा में आने वाले यमुना एक्सप्रेसवे के पूरे हिस्से को अब नो प्रोटेस्ट जोन में घोषित कर दिया गया है. इसके तहत यमुना एक्सप्रेसवे पर 0 पॉइंट से लेकर 41 किलोमीटर तक किसी भी तरह के धरना प्रदर्शन की अनुमति नहीं होगी.

इलाहाबाद हाई कोर्ट द्वारा 22 मई 2026 को दिए गए निर्देशों के बाद यह फैसला लिया गया है. आदेश का मुख्य उद्देश्य एक्सप्रेस-वे पर वाहनों की आवाजाही को बाधित रहित रखने और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है. यमुना एक्सप्रेसवे के इस हिस्से में अब किसी भी प्रदर्शन, धरना या सड़क जाम जैसी गतिविधियों पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा.

प्रदर्शन करना नियमों का उल्लंघन माना जाएगा

अधिकारियों के अनुसार. यमुना एक्सप्रेस-वे एक महत्वपूर्ण मार्ग है जिससे रोजाना बड़ी संख्या में यात्री और बड़े वाहन गुजरते हैं. किसी भी प्रदर्शन या सड़क अवरोध के कारण यातायात प्रभावित होता है और आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है, इसी को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है. इसके लिए अलग-अलग माध्यमों से लोगों को बताया जा रहा है.

पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुध नगर की ओर से इस आदेश की जानकारी लोगों तक पहुंचाने के लिए एक्सप्रेसवे के प्रमुख स्थानों पर सूचना बोर्ड लगाए जा रहे हैं. इसके अलावा संबंधित थाना क्षेत्र और पुलिस कार्यलयों में भी जानकारी प्रदर्शित की जाएगी. लोगों को बताया जा रहा है कि यमुना एक्सप्रेसवे पर किसी भी प्रकार का प्रदर्शन नियमों का उल्लंघन माना जाएगा.

लोगों की सुरक्षा और सुगम सफर प्राथमिकता- पुलिस

एक्सप्रेसवे पर लगातार निगरानी रखी जाएगी कानून व्यवस्था बनाए रखने और यातायात को प्रभावित होने से बचने के लिए पुलिस की ओर से आवश्यक कार्रवाई की जाएगी. अधिकारियों का कहना है कि लोगों की सुरक्षा और सुगम सफर प्राथमिकता है. इसी को ध्यान में रखते हुए यमुना एक्सप्रेसवे के जीरो पॉइंट से अलीगढ़ बॉर्डर तक ‘नो प्रोटेस्ट जोन’ घोषित किया गया.

Follow Us