2026 में इन 4 तारीखों पर लगेंगी लोक अदालतें, आसानी से निपट जाएगा चालान; साथ लाएं ये दस्तावेज

साल 2026 में यूपी में समेत देशभर में चार तारीखों को लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा. उन तारीखों को आपके पास भी कम पैसे में अपनी गाड़ियों पर हुए चालान को निपटाने का सुनहरा मौका होगा. आइए जानते हैं आप इस सुविधा का कब, कैसे और किस तरह लाभ उठा सकते हैं.

ट्रैफिक चालान ( फाइल फोटो)

अधिकांश लोग ट्रैफिक चालान को भरने में लापरवाही बरतते हैं. इसके पीछे वह चालान की राशि ज्यादा होने का हवाला देते हैं. उनका कहना होता है कि ये रकम उनके बजट को प्रभावित कर सकती है. ऐसे में चालान नहीं भरने की स्थिति में उनपर लगातार कार्रवाई की तलवार लटकी रहती है. इधर सरकार भी चालान ना जमा करने वालों पर बेहद सख्त हो चुकी है. ऐसे में लोक अदालत का विकल्प उनके लिए बेहद फायदेमंद साबित हो सकता है. इसमें आप अपने ट्रैफिक चालान को कम पैसों में निपटा सकते हैं. साथ ही कई मामलों में चालान माफ भी कर दिए जाते हैं.

साल 2026 में 4 बार लोक अदालत का आयोजन

साल 2026 में उत्तर प्रदेश समेत देशभर में चार बार लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा. अगर आप भी अपने चालान को कम पैसे में निपटाना चाहते हैं तो इस जानकारी का इस्तेमाल कर सकते हैं. सबसे पहली लोक अदालत साल 2026 में 14 मार्च को लगाई जाएगी. फिर 09 मई, 12 सितंबर और 12 दिसंबर को लगाई जाएंगी. इन तारीखों को आप अपने लंबे समय से पेंडिंग चालान को सस्ते में निपटा कर राहत की सांस ले सकते हैं.

सिर्फ इस तरह के ही चालान का होगा निपटारा

लोक अदालत में आप कंपाउंडेबल (शमनीय) अपराधों का निपटारा कर सकते हैं. इसमें बिना हेलमेट राइडिंग, सीट बेल्ट न लगाना, रेड लाइट जंप, गलत पार्किंग (जेब्रा क्रॉसिंग), और नो-एंट्री जैसे साधारण ट्रैफिक उल्लंघन करने पर जो चालान कटे हैं, वो कम या माफ हो सकते हैं. लेकिन अगर आपका चालान शराब पीकर गाड़ी चलाने वाले, एक्सीडेंटल केस या गंभीर आपराधिक मामले के तहत किया गया है तो इसका निपटारा लोक अदालत में नहीं किया जा सकता है.

लोक अदालत में शामिल होने के लिए ये डॉक्यूमेंट्स जरूरी

अगर आप अपने चालान को माफ कराने के लिए लोक अदालत जाना चाहते हैं तो सबसे सबसे आपको अदालती कार्यवाही से पहले ऑनलाइन पोर्टल से स्लॉट/ टोकन बुक करना पड़ेगा. इस टोकन का स्लिप निकाल कर प्रिंटआउट साथ रख लें. टोकन या अप्वाइंटमेंट स्लिप का प्रिंट आउट  में आपके चालान से जुड़ी पूरी जानकारी होती है, जैसे चालान कब और कहां कटा, किस धारा के तहत कटा और आपको किस कोर्ट रूम में किस समय पहुंचना है. साथ ही वाहन पर कटे हुए चालान की डिजिटल या फिजिकल कॉपी जरूर अपने साथ रखें. इसके अलावा आरसी (RC) और ड्राइविंग लाइसेंस की फोटोकॉपी भी आपके पास होनी चाहिए.

Follow Us