हिन्दुओं की बस्ती में जोगिया बने घूम रहे थे ‘शाहिद और अब्दुल’, गोरखनाथ मठ से बताया कनेक्शन; लेकिन…

उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में दो मुस्लिम युवकों को जोगी का वेश धारण कर हिन्दू बस्ती में घूमते हुए पकड़ा गया. इन्होंने खुद को गोरखनाथ मठ से जुड़ा बताते हुए अपना नाम अंजुनाथ और चेरानाथ बताया, हालांकि उनकी पहचान और व्यवहार में विरोधाभास पाए जाने पर हिन्दू महासभा के कार्यकर्ताओं ने इन्हें पकड़ लिया और फिर पुलिस बुलाकर इन्हें सौंप दिया.

पीलीभीत में जोगी वेश में पकड़े गए मुस्लिम युवक Image Credit:

उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में मुस्लिम समाज के दो संदिग्ध युवकों को पकड़ा गया है. यह दोनों हिन्दुओं की बस्ती में कंधे पर झोला लटकाए, जोगिया वेश में घूम रहे थे. इनकी हरकतों को देखकर लोगों को शक हुआ और इन्हें रोककर पूछा गया तो इन्होंने अपना नाम अंजुनाथ और चेरानाथ बताया. कहा कि वह गोरखनाथ पीठ से जुड़े हैं और भिक्षा मांगने निकले हैं. चूंकि इनकी हरकतें और गोरखनाथ पीठ के संस्कार मेल नहीं खा रहे थे, इसलिए इनसे देवी-देवताओं और हिन्दू धर्मग्रंथों के बारे में पूछ गया. इन सवालों को सुनकर ये बगलें झांकने लगे. इसके बाद स्थानीय लोगों ने हिन्दू महासभा को मामले की जानकारी दी और फिर बाद में लोगों ने पुलिस बुलाकर इन्हें सौंप दिया है.

मामला पीलीभीत के बीसलपुर का है. बताया जा रहा है कि मंगलवार की दोपहर में यहां दो युवक कंधे पर झोला लटकाए जोगिया वेष में घरों और दुकानों के बाहर अलख जगा रहे थे. इस दौरान ये लोगों से भीख मांग रहे थे और बच्चों एवं महिलाओं को आर्शीवाद दे रहे थे. इसी दौरान कुछ लोगों को इनकी हरकतों को देखकर शक हुआ. इसके बाद उन लोगों ने हिन्दू महासभा के कार्यकर्ताओं को जानकारी दी. फिर थोड़ी ही देर में पहुंचे हिन्दू महासभा के लोगों ने इन्हें रोक लिया और पूछताछ शुरू की.

हाथ पर लिखा मिला शाहिद

शुरू में तो दोनों ने बड़े कांफिडेंस के साथ सवालों के जवाब दिए. कहा कि वह जोगी हैं और गोरखनाथ मठ से जुड़े हैं. उनके नाम अंजुनाथ और चेरानाथ है. कहा कि उनके मठ के महंत योगी आदित्यनाथ हैं. यहां तक तो ठीक था, लेकिन जब लोगों ने इनकी आईडी मांगी और आईडी दिखाने के लिए इनमें से एक ने अपना हाथ आगे बढ़ाया तो उसपर शाहिद लिखा नजर आ गया. इससे लोगों का शक और गहरा गया. ऐसे में इनसे गोरखनाथ पीठ के महापुरुषों एवं अन्य देवी देवताओं के बारे में पूछा गया तो इनकी जबान लड़खड़ाने लगी.

पूछताछ में जुटी पुलिस

इसके बाद लोगों ने पहले तो इनके साथ मारपीट की और फिर पुलिस बुलाकर इन्हें सौंप दिया है. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया है. पुलिस इन दोनों से पूछताछ कर रही है. यह जानने का प्रयास किया जा रहा है कि यह दोनों जोगी वेष क्यों बनाए हुए थे और संदिग्ध परिस्थिति में क्यों घूम रहे थे. हिन्दू महासभा के नगर अध्यक्ष सुनील अवस्थी के मुताबिक यह दोनों क्षेत्र में किसी अपराध को अंजाम देने की फिराक में थे. बीसलपुर एसएचओ संजीव कुमार शुक्ला के मुताबिक दोनों से पूछताछ की जा रही है. इनके पास से बरामद दस्तावेजों और सामान की भी जांच कराई जा रही है.

Follow Us