यूपी में कभी कट्टा मैन्युफैक्चरिंग यूनिट चलती थी, आज मोबाइल बनते हैं- पीएम मोदी

टीवी9 समिट में पीएम मोदी ने कहा कि वैश्विक संघर्षों के बीच भी भारत की अर्थव्यवस्था तेजी से बढ़ रही है. भारत शांति और संवाद का पक्षधर है. जंग के दौरान भी भारत की नीति और रणनीति देखकर दुनिया के अनेक देश हैरान हैं. साथ ही यूपी की बढ़ती रफ्तार की बात की और पूर्ववर्ती सरकारों पर हमला बोला.

टीवी9 समिट में पीएम मोदी

TV9 नेटवर्क के ‘व्हाट इंडिया थिंक्स टुडे समिट-2026’ का सोमवार को दिल्ली में आगाज हो चुका है. समिट में बतौर मुख्य अतिथि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शामिल हुए. उन्होंने अपने संबोधन में कहा, वैश्विक संघर्षों के बीच भी भारत की नीति और रणनीति देखकर दुनिया के अनेक देश हैरान हैं. ‘हमारे यहां कहावत है सांच को आंच नहीं.’

पीएम मोदी ने मिडिल ईस्ट में जारी तनाव पर कहा, ‘जंग के असर के बावजूद भारत ने अपनी विकास की रफ्तार नहीं रोकी है. बीते 23 दिनों में सरकार ने कई बड़े फैसले लिए हैं. युद्ध के हालात में भी भारत ने प्रगति बनाए रखी है.’ इस दौरान उन्होंने देश की पूर्ववर्ती सरकारों पर भी हमला किया. और यूपी ऐसे राज्य को कट्टा मैन्युफैक्चरिंग हब बनाने का आरोप लगाया.

‘आज यूपी मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग में पहचान बना रहा’

टीवी9 समिट में पीएम मोदी ने भारत की अभूतपूर्व प्रगति पर प्रकाश डाला. साथ ही पहले की सरकारों पर देश की विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं पर ब्रेक लगने को लेकर हमला बोला. उन्होंने कहा, ‘ यूपी में कभी कट्टा मैन्युफैक्चरिंग की कहानियां कही जाती थीं, आज यूपी मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग में दूनिया में अपनी पहचान बना रहा है.’

उन्होंने आगे कहा, जिस बिहार में 6-7 दशक में गंगाजी पर एक-दो पुल बने थे, आज वहां एक दशक में 5 से ज्यादा नए पुल बनाए हैं. उन्होंने पहले की सरकारों पर पूर्वी भारत में विकास की रफ्तार कम करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि पूर्वी भारत में ही दूसरी ओर बंगाल में निर्मम सरकार है. जो विकास और जन कल्याण से ज्यादा राजनीतिक स्वार्थ में डुबी है.

कांग्रेस का काम हर सफलता पर सवाल खड़े करना- PM

पीएम मोदी ने कहा कि आज जब दुनिया इतने खेमों में बंटी हुई है, भारत ने अभूतपूर्व पुल बनाए हैं. इसने हर सेक्टर को बदल दिया है. आज देश में 160 से ज़्यादा एयरपोर्ट हैं. प्लान पहले भी बनते थे, लेकिन आज फ़र्क यह है कि नतीजे दिख रहे हैं. पहले रफ़्तार धीमी थी, लेकिन आज भारत फ़ास्ट ट्रैक पर है. आज संकल्प, उपलब्धियों में बदल रहे हैं.

उन्होंने विपक्ष को आड़े हाथो लेते हुए कहा कि राजनीति में जब व्यक्तिगत स्वार्थ आ जाता है तो लोग देश के बारे में नहीं सोचते. कांग्रेस का काम हर सफलता पर सवाल खड़े करना. कोविड वैक्सीन पर भी सवाल खड़े किए गए. लोकतंत्र में विरोध जरूरी होता है लेकिन विरोध और विद्वेष के बीच एक रेखा होती है. देश एकजुट होकर काम करता है तो परिणाम अच्छे होते हैं.

Follow Us