PM मोदी बोले- UP की महिलाएं सपा को नहीं भूलेंगी; कांग्रेस का काम है झूठ बोलना

प्रधानमंत्री मोदी ने विपक्ष को महिला आरक्षण बिल के विरोध पर घेरा, उन्हें 'एंटी-रिफॉर्म' और वंशवादी राजनीति करने वाला बताया. उन्होंने कहा कि कांग्रेस का काम झूठ बोलना है और यूपी की महिलाएं सपा के रवैये को नहीं भूलेंगी. साथ ही पीएम मोदी ने कहा कि बीजेपी और एनडीए महिलाओं के अधिकारों के लिए लड़ते रहेंगे.

PM मोदी ने विपक्ष को महिला आरक्षण बिल के विरोध पर घेरा Image Credit:

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को देश के नाम अपने संबोधन में महिला आरक्षण बिल का विरोध करने के लिए विपक्ष की जमकर आलोचना की. उन्होंने कहा कि विपक्ष ने महिला आरक्षण का विरोध करके पाप किया है और इसके लिए उसे निश्चित रूप से दंड मिलेगा. पीएम मोदी ने विपक्ष को ‘एंटी-रिफॉर्म’ और वंशवादी राजनीति करने वाला करार दिया है.

पीएम मोदी ने कहा कि नारी सब भूल जाती है लेकिन अपना अपमान कभी नहीं भूलती. इसलिए संसद में कांग्रेस और उसके सहयोगियों के व्यवहार की कसक हर नारी के मन में हमेशा रहेगी. समाजवादी पार्टी ने जो किया, यूपी की महिलाएं उसे नहीं भूलेंगी. कांग्रेस का काम झूठ बोलना है. डिवाइड एंड रूल पॉलिसी कांग्रेस ने अंग्रेजों से सीखी है और इसी पर चल रही है.

विरोध का मुख्य कारण वंशवाद वाली पार्टियों में डर

प्रधानमंत्री ने कहा कि नारी शक्ति वंदन के विरोध का एक मुख्य कारण वंशवाद वाली पार्टियों में डर है. उन्हें चिंता है कि अगर महिलाएं सच में मज़बूत हो गई तो उनके लीडरशिप स्ट्रक्चर को चुनौती मिल सकती है. ये परिवार के बाहर की महिलाओं को आगे बढ़ते देखना नहीं चाहते. परिसीमन के बाद महिलाओं के लिए ज्यादा सीटें होंती और उनका कद बढ़ता.

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा देश में बंटवारे वाली भावनाओं को हवा दी है. इसीलिए यह झूठ फैलाया गया कि डिलिमिटेशन या रीडिस्ट्रिक्टिंग से कुछ राज्यों को नुकसान होगा. जबकि सरकार ने पहले दिन से ही यह साफ कर दिया है कि किसी भी राज्य की हिस्सेदारी का अनुपात नहीं बदलेगा. कांग्रेस और उसके सहयोगियों को महिलाएं माफ नहीं करेंगी.

मैं देश की हर नारी को विश्वास दिलाता हूं कि…

पीएम मोदी ने कहा कि बिल पास कराने के लिए जरूरी 66 परसेंट वोट हमें नहीं मिला हो… लेकिन मैं जानता हूं, देश की 100 परसेंट नारीशक्ति का आशीर्वाद हमारे साथ है. मैं देश की हर नारी को विश्वास दिलाता हूं, हम महिला आरक्षण के रास्ते में आने वाले हर रुकावट को खत्म करेंगे. विपक्ष नारी शक्ति को संसद और विधानसभाओं में भागीदारी बढ़ाने से रोक नहीं पाएंगी.

Follow Us