फतेहपुर में अखिलेश यादव ने जिस दुकान पर पी थी चाय, अब फूड सेफ्टी का छापा; सील होने का खतरा

फतेहपुर की जिस मशहूर चाय दुकान पर अखिलेश यादव ने चाय पी थी, अब फूड सेफ्टी विभाग ने उस पर छापा मारा है. टीम ने सैंपल लिए हैं और रिपोर्ट में गड़बड़ी पाए जाने पर दुकान सील होने का खतरा है. वहीं, अखिलेश यादव ने इस कार्रवाई की घोर निंदा की और बीजेपी पर निशाना साधा है.

अखिलेश यादव की पसंदीदा चाय दुकान पर संकट! Image Credit:

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने फतेहपुर की जिस मशहूर चाय दुकान पर चाय पी थी, अब फूड सेफ्टी विभाग ने उस पर छापा मारा है. टीम ने मौके पर पहुंचकर चाय और दूध दोनों के सैंपल लिए हैं. रिपोर्ट में गड़बड़ी पाए जाने पर दुकान सील होने का खतरा है. वहीं, सवाल उठ रहे हैं कि अखिलेश यादव के चाय पीने के बाद ही यह कार्रवाई क्यों?

यह छोटी सी दुकान, फतेहपुर में खागा तहसील के चौकी चौराहा पर स्थित है. ‘मशहूर शेषमन की फेमस चाय’ नाम की दुकान पर अखिलेश यादव ने 20 फरवरी को चाय पीकर दुकान की तारीफ की थी, जब वह फतेहपुर दौरे पर थे. चाय पीकर अखिलेश ने उसकी खूब तारीफ की और अपने एक्स अकाउंट पर दुकान संचालक के साथ चाय पीते हुए फोटो भी पोस्ट की थी.

दो महीने बाद दुकान फूड सेफ्टी के रडार पर

दरअसल, अखिलेश यादव ने खागा तहसील के अफोई गांव में पूर्व विधायक मोहम्मद शफीर से मुलाकात के बाद लौटते वक्त चाय पीने की इच्छा जताई. इसके बाद उनका काफिला चौकी चौराहा ‘शेषमन की फेमस चाय’ दुकान पर रुका. दुकान संचालक शेषमन यादव के बेटे आर्यन यादव ने उन्हें दो कप चाय परोसी. चाय पीकर अखिलेश ने खूब तारीफ की थी.

साथ ही अपने एक्स अकाउंट पर आर्यन के साथ चाय पीते हुए फोटो भी पोस्ट कर दी. उन्होंने चाय की पत्ती, चीनी और स्वाद के बारे में भी पूछताछ की थी. लेकिन अब दो महीने बाद यह चाय दुकान अचानक फूड सेफ्टी के रडार पर आ गई है. अधिकारियों ने चाय और दूध दोनों के सैंपल लिए. दुकान पर एल्युमिनियम के बर्तनों में चाय बनाने और स्वच्छता पर सवाल उठे हैं.

मत डरिए, बुरे दिन जानेवाले हैं- अखिलेश यादव

चाय दुकान पर स्वच्छता को लेकर अहमद नामक व्यक्ति ने IGRS पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी. उसी शिकायत के आधार पर 16 अप्रैल को फूड सेफ्टी विभाग की टीम ने दुकान पर छापा मारा. अगर रिपोर्ट में कोई गड़बड़ी पाई गई तो दुकान सील हो सकती है. वहीं, अखिलेश यादव ने इस कार्रवाई की घोर निंदा की और बीजेपी पर निशाना साधा है.

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने एक्स पर इसको लेकर एक पोस्ट साक्षा किया है, जिसमें उन्होंने लिखा- मत डरिए, अपना काम करिए। चिंता न करें, बुरे दिन जानेवाले हैं. उन्होंने कहा कि फूड सिक्योरिटी विभाग कभी अपने भ्रष्टाचार का भी तो सैंपल ले. उस घूसखोर विभाग में महा-भ्रष्टाचार के जो बेहद बुरे हालात हैं, उसका नाम बदलकर ‘भाजपा चंदा विभाग’ कर दें.

Follow Us