पत्नी से विवाद, फिर जीजा ने साले की क्यों ले ली जान? प्रतापगढ़ में ऐलानिया कत्ल से हड़कंप
उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में एक रिटायर्ड फौजी कपिल ने पारिवारिक विवाद के चलते अपने साले देवेंद्र यादव की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी. आरोपी अपनी पत्नी पर मायके से पैसे लाने का दबाव डालता था, जिससे विवाद बढ़ा. घटना प्रतापगढ़ के मदाफरपुर बाजार में हुई. स्थानीय लोगों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया है. पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है.
उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में एक दिल दहला देने वाली वारदात हुई है. यहां एक रिटायर्ड फौजी ने दिन दहाड़े और भरे बाजार अपने साले की गोली मारकर हत्या कर दी. वारदात के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने आरोपी को दबोच लिया और मारपीट के बाद उसे पुलिस को सौंप दिया है. यह वारदात प्रतापगढ़ में कोहड़ौर थाना इलाके के मदाफरपुर बाजार की है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. पुलिस के मुताबिक आरोपी ने वारदात से पहले पूरे परिवार को गोली मारने की धमकी दी थी.
पुलिस के मुताबिक मदाफरपुर बाजार में देवेंद्र यादव का मेडिकल स्टोर है. वह अपनी दुकान पर बैठे थे, तभी उसका जीजा कपिल पहुंचा और लाइसेंसी पिस्टल निकालकर गोली मार दी. फायरिंग की आवाज सुनकर पास पड़ोस के लोग मौके पर पहुंचे और आरोपी को दबोच लिया. लोगों ने आरोप की बुरी तरह पिटाई करने के बाद पुलिस को सूचना दी और देवेंद्र को अस्पताल पहुंचाया. जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
क्या है मामला?
पुलिस के मुताबिक आरोपी की शादी करीब 17 साल पहले देवेंद्र की बहन के साथ हुई थी. आरोप है कि शादी के बाद से ही आरोपी कपिल पत्नी पर मायके से पैसे लाने के लिए दबाव बनाता था. इसी बात पर विवाद होने पर सोमवार को उसकी पत्नी मायके आ गई थी. इसी बात को लेकर आरोपी ने अपने ससुराल वालों को गोली मारने की धमकी दी थी. पुलिस के मुताबिक आरोपी रिटायर्ड फौजी है और फिलहाल सुल्तानपुर जिला अस्पताल में गार्ड की नौकरी करता था.
मौके पर पहुंची पुलिस फोर्स
सूचना पर एसपी प्रतापगढ़ दीपक भूकर पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. उन्होंने मामले की प्राथमिक जांच के बाद थाना पुलिस को मामले की विधिवत जांच कर आरोपी के खिलाफ मजबूत चार्जशीट तैयार करने का निर्देश दिया है. उन्होंने बताया कि आरोपी की हरकतों से उसके ससुराल वाले काफी परेशान रहते थे. आरोपी ने चैलेंज देकर इस वारदात को अंजाम दिया है. पुलिस ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है.