प्रयागराज में CBI की रेड, प्रधान डाकघर के XEN रिश्वत लेते गिरफ्तार; ठेकेदार से मांगी थी 20 लाख की घूस
प्रयागराज में सीबीआई ने बड़ी कार्रवाई की है. प्रधान डाकघर के एक्सईएन को डेढ़ लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है. एक्सईएन ने एक करोड़ के निर्माण कार्य के भुगतान के लिए ठेकेदार से 20 लाख की घूस मांगी थी. सीबीआई ने डाकघर और एक्सईएन के घर पर छापेमारी की है.
संगम नगरी प्रयागराज में प्रधान डाकघर के एक्सईएन डेढ़ लाख की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़े गए हैं. सीबीआई ने प्रधान डाकघर में छापेमारी कर एक्सईएन आशीष अग्रवाल को गिरफ्तार किया. साथ ही उनके घर पर भी छापेमारी कर जांच पड़ताल की गई. क्सईएन पर एक करोड़ के निर्माण कार्य के भुगतान के लिए ठेकेदार से 20 लाख रिश्वत मांगने का आरोप है.
सीबीआई ने डाकघर के अलावा धूमनगंज इलाके में एक्सईएन के घर पर भी छापेमारी कर जांच पड़ताल की और दस्तावेज खंगाला. गिरफ्तार एक्सईएन आशीष अग्रवाल से सीबीआई अफसरों ने घंटों पूछताछ किया. ठेकेदार सनद मिश्रा ने इसकी शिकायत सीबीआई से की थी. प्रारम्भिक जांच मे आरोप सही पाए जाने पर सीबीआई ने यह कार्रवाई की है.
CBI ने जाल बिछाकर रिश्वत लेते रंगे हाथों दबोचा
वाराणसी और गोरखपुर समेत कई शहरों में इन दिनो डाक विभाग में निर्माण चल रहा है. इसी कड़ी में गोरखपुर में निर्माण कार्य का ठेका कंस्ट्रक्शन कंपनी के ठेकेदार सनद मिश्र को मिला था. निर्माण कार्य पूरा होने के बाद करीब एक करोड़ का भुगतान होना था. एक्सईएन आशीष अग्रवाल ने कंस्ट्रक्शन कंपनी से इस भुगतान के लिए 20 लाख रिश्वत मांगी थी.
ठेकेदार की शिकायत के बाद, सीबीआई ने जाल बिछाया और एक्सईएन को रिश्वत की रकम लेते हुए रंगे हाथों दबोच लिया. सीबीआई ने सबसे पहले प्रधान डाकघर स्थित कार्यालय को खंगाला. इसके बाद धूमनगंज स्थित एक्सईएन के आवास में जांच पड़ताल की और दस्तावेज खंगाला. छापेमारी के दौरान CBI ने कुछ अन्य अधिकारियों के भी बयान दर्ज किए हैं.
डाकघर निर्माण से जुड़ी दस्तावेज भी ले गई CBI
इसके अलावा, सीबीआई ने डाकघर निर्माण से संबंधित दस्तावेज, भुगतान की डिटेल, बैंक की डिटेल और अकाउंट की जानकारी भी अपने साथ ले गई है. सीबीआई की टीम वैधानिक कार्यवाही पूरी कर एक्सईएन को अपने साथ ले गई. सीबीआई की इस कार्यवाही से प्रदान डाकघर में हड़कंप मचा है. वहीं, CBI आरोपी से पूछताछ करने में जुटी है.