जांच टीम का खौफ! चलती कोचिंग में मालिक ने बाहर से लगाया ताला, ऐसे अंदर पहुंची फायर ब्रिगेड और पुलिस

लखनऊ अग्निकांड के बाद यूपी में कोचिंग संस्थानों पर कार्रवाई तेज हो गई है. प्रयागराज में फायर ब्रिगेड टीम ने कई संस्थानों की जांच की, जहां एक पैरा मेडिकल कोचिंग संचालक ने टीम से बचने के लिए छात्रों को अंदर बंद कर बाहर से ताला लगा दिया. बाद में पुलिस की मदद से इसे सील किया गया. लखनऊ में भी ग्रेविटी कोचिंग सहित कई संस्थानों को सील किया गया है.

प्रयागराज कोचिंग में जांच करने पहुंची टीम

लखनऊ अग्निकांड के बाद प्रदेश भर में कोचिंग संस्थानों की जांच कराई जा रही है. इसी क्रम में यूपी के कोचिंग हब प्रयागराज में दूसरे दिन फायर ब्रिगेड की टीम ने एक दर्जन से अधिक कोचिंग संस्थानों की जांच की. इसी दौरान सिविल लाइंस स्थित एक पैरा मेडिकल संस्थान में पहुंची टीम को अजीब स्थिति का सामना करना पड़ा. यहां जांच टीम के आने की खबर पर कोचिंग मालिक ने बाहर से ताला लगवा दिया. जबकि खुद वह दर्जनों छात्रों, टीचर एवं अन्य स्टॉफ के साथ अंदर मौजूद था.

जांच टीम ने काफी देर तक कोचिंग का ताला खुलवाने की कोशिश की, फिर भी ताला नहीं खुला तो पुलिस और प्रयागराज विकास प्राधिकरण के अधिकारियों को सूचना दी गई. इस सूचना पर भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और कोचिंग के पीछे स्थित हॉस्टल के रास्ते जांच टीम अंदर पहुंची. अग्निशमन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक यह घटना सिविल लाइंस स्थित मैडीजोन पैरा मेडिकल इंस्टीट्यूट का है. जांच से बचने के लिए कोचिंग संचालक ने इस तरह की हरकत की.

डेढ़ घंटे बाद अंदर पहुंची टीम

मुख्य अग्निशमन अधिकारी चंद्र मोहन शर्मा के मुताबिक करीब डेढ़ घंटे की मसक्कत के बाद जांच टीम अंदर घुस पायी. इस दौरान बिल्डिंग के बेसमेंट से लेकर ऊपरी मंजिल पर संचालित कक्षाओं की जांच की गई. इमरजेंसी एग्जिट और इमरजेंसी से निपटने के संसाधन चेक किए गए. वहीं जांच के बाद फायर सेफ्टी मानकों और भवन नियमों के उल्लंघन का मामला सामने आने के बाद पीडीए ने कोचिंग से सभी लोगों को बाहर कर सरकारी ताला लगाकर सील कर दिया है.

प्रयागराज में मचा हड़कंप

देखते ही देखते इस कार्रवाई की खबर पूरे प्रयागराज में फैल गई. इसके बाद शहर के तमाम कोचिंग संचालकों में हड़कंप मच गया. आनन फानन में संस्थानों से छात्रों और टीचर्स को बाहर कर कोचिंग संचालकों ने ताला लगाया और फरार हो गए. प्रयागराज प्रशासन के मुताबिक ऑपरेशन जारी है. शहर में कहीं भी सुरक्षा मानकों के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा. नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.

लखनऊ में सील हुआ ग्रेविटी कोचिंग

उधर, लखनऊ में भी प्रशासन और एलडीए की कार्रवाई ताबड़तोड़ जारी है. Allen कोचिंग के बाद टीम ने आकाश कोचिंग, ग्रेविटी कोचिंग समेत कई अन्य कोचिंग संस्थानों की जांच की. इस दौरान फायर सेफ्टी मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर ग्रेविटी को सील किया गया है. इन कोचिंग सेंटर पर फायर फाइटिंग सिस्टम दुरुस्त नहीं पाए गए. नक्शा मानकों के विपरीत पास कराया गया था. एग्जिट और एंट्रेंस गेट सही नहीं पाए गए.

Follow Us