अनपढ़ मां-बाप, बेबस बेटी; कैसे मिले इंसाफ? न्याय के लिए दर-दर भटक रही दुष्कर्म पीड़िता
कन्नौज में नाबालिग से दुष्कर्म मामले में पुलिस पर गंभीर आरोप लगे हैं. अनपढ़ माता-पिता का फायदा उठाकर पुलिस ने गलत बयान दर्ज किए, जिससे पीड़िता और परिवार न्याय के लिए दर-दर भटक रहा है. शिक्षा की कमी और पुलिस की कथित लापरवाही ने उनकी लड़ाई को और मुश्किल बना दिया है. आरोपी को हल्की धाराओं में छोड़ा गया, मेडिकल भी नहीं हुआ, जबकि पीड़िता को धमकी मिल रही है.
उत्तर प्रदेश के कन्नौज में नाबालिग से रेप और सिस्टम की पोल खोलने वाली खबर सामने आई है. यहां इंदरगढ़ क्षेत्र में एक नाबालिक लड़की के साथ पिछले दिनों रेप हुआ था. पीड़ित परिवार का आरोप है कि पुलिस ने उनके और माता-पिता के अनपढ़ होने का फायदा उठाते हुए गलत बयान दर्ज कर लिया था. पीड़िता को इसका पता चला तो उसने अवाज उठानी शुरू की, लेकिन शिक्षा एक बार फिर उसके इंसाफ की लड़ाई में बाधा बन गई.
घटना के बाद से ही पीड़िता अपने माता-पिता को साथ लेकर पुलिस चौकी से थाने तक और कप्तान से लेकर डीएम कार्यालय तक के चक्कर लगा रही है. लेकिन अभी तक उसे न्याय नहीं मिला है. पीड़िता के पिता के मुताबिक वारदात 31 मई का है. उस दिन गांव के ही एक युवक ने उनकी 15 वर्षीय नाबालिक बेटी को झांसे में लेकर अपने साथ रायपुर ले गया था. आरोप है कि वहां आरोपी ने तीन दिन तक उनकी बेटी को बंधक बनाकर बार-बार रेप किया.
जान से मारने की दी धमकी
पीड़ित पिता के मुताबिक आरोपी ने उनकी बेटी को जान से मारने की धमकी देते हुए घटना की जानकारी किसी को नहीं देने की हिदायत दी थी. वहीं पीड़िता ने बताया कि आरोपी के मामा और उसके परिवार के लोगों ने भी उसे डराने धमकाने की कोशिश की. आरोपी के चंगुल से छूटकर घर पहुंची पीड़िता ने अपने पिता के साथ थाने में जाकर शिकायत की, लेकिन पुलिस ने महज खानापूर्ति कर मामले को रफादफा कर दिया.
फर्जी बयान पर लगवाया अंगूठा
पीड़ित परिवार का आरोप है कि पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हल्की धाराओं में मामला दर्ज कर उसे छोड़ दिया था. ऐसे में अब पीड़ित पिता ने सवाल उठाया कि जब बेटी नाबालिक थी तो उसका मेडिकल परीक्षण क्यों नहीं कराया गया. आरोप लगाया कि दबाव बनाकर उससे फर्जी बयान पर अंगूठा लगवाया गया. अब परिवार पुलिस अधिकारियों से लेकर जिला अधिकारी कार्यालय तक लगातार चक्कर काट रहा है. उधर, एसपी विनोद कुमार ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है.
