‘छात्र आंदोलन की आड़ में सपा के गुंडों ने की हिंसा’, केशव मौर्य का आरोप
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने प्रयागराज में छात्र आंदोलन, पेपर लीक और कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर विपक्ष पर तीखा हमला बोला. उन्होंने आरोप लगाया कि छात्र आंदोलन की आड़ में समाजवादी पार्टी से जुड़े असामाजिक तत्वों ने हिंसा और तोड़फोड़ की कोशिश की, लेकिन सरकार ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है. राहुल गांधी के बयान पर पलटवार करते हुए उन्होंने कांग्रेस को 'भ्रष्टाचार की अम्मा' बताया.
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने प्रयागराज दौरे के दौरान विपक्ष पर जमकर निशाना साधा. छात्र आंदोलन, पेपर लीक विवाद, संसद में प्रस्तावित पब्लिक एग्जामिनेशन (संशोधन) विधेयक और कानून व्यवस्था जैसे मुद्दों पर उन्होंने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर तीखे आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि छात्र आंदोलन की आड़ में हिंसा फैलाने की कोशिश की गई, लेकिन सरकार ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है.
डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने आरोप लगाया कि हाल के छात्र आंदोलनों के दौरान सपा से जुड़े असामाजिक तत्वों ने हिंसा, तोड़फोड़ और अराजकता फैलाने का काम किया. उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण विरोध लोकतंत्र का हिस्सा है, लेकिन हिंसा किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जा सकती, पुलिस कानून के दायरे में रहकर कार्रवाई कर रही है और जो भी व्यक्ति हिंसा या सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने में शामिल पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
राहुल गांधी पर पलटवार, कांग्रेस को बताया ‘भ्रष्टाचार की अम्मा’
कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान पर लगाए गए आरोपों को लेकर भी डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने तीखी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि कांग्रेस को दूसरों पर उंगली उठाने से पहले अपने इतिहास को देखना चाहिए. उन्होंने कहा, ‘कांग्रेस भ्रष्टाचार की जननी रही है… यह पार्टी भ्रष्टाचार की अम्मा है… जनता उसके इतिहास और चरित्र को अच्छी तरह जानती है.’ उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के शासनकाल में देश में कई बड़े घोटाले हुए.
पब्लिक एग्जामिनेशन संशोधन विधेयक से रुकेगा पेपर लीक
डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने संसद में प्रस्तावित पब्लिक एग्जामिनेशन (संशोधन) विधेयक का स्वागत करते हुए कहा कि यह छात्रों के हित में एक बड़ा और ऐतिहासिक कदम है. उन्होंने कहा कि इस कानून को राजनीतिक नजरिए से नहीं बल्कि युवाओं के भविष्य से जोड़कर देखा जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि सरकार परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए लगातार कदम उठा रही है और नए कानून के लागू होने के बाद पेपर लीक जैसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगेगी.
‘मेहनती छात्रों का भविष्य सुरक्षित करना सरकार की प्राथमिकता’
डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने कहा कि सरकार का उद्देश्य ईमानदार और मेहनती छात्रों को न्याय दिलाना है. उन्होंने कहा कि वर्षों की मेहनत करने वाले अभ्यर्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने कहा कि परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी और विश्वसनीय बनाने के लिए सरकार लगातार सुधार कर रही है और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जा रही है.
जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही सरकार
डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार कानून व्यवस्था, युवाओं के भविष्य और भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है. उन्होंने कहा कि प्रदेश में निवेश, रोजगार, शिक्षा और सुरक्षा को लेकर सरकार लगातार काम कर रही है तथा किसी भी प्रकार की अराजकता फैलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा, विपक्ष के पास जनता के सामने रखने के लिए कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है.