प्रयागराज में प्यार, धोखा और मर्डर… शादी के दबाव में नाबालिग प्रेमी ने कर दी प्रेमिका की हत्या
प्रयागराज में इंस्टाग्राम पर शुरू हुई एक नाबालिग लव स्टोरी का दर्दनाक अंत हुआ. शादी के दबाव में प्रेमी ने अपनी प्रेमिका की बेरहमी से हत्या कर दी. पुलिस ने आरोपी नाबालिग को हिरासत में लेकर शव बरामद कर लिया है. आरोपी ने प्रेमिका की हत्या के बाद शव को नहर के पास झाड़ियों में फेंक दिया था.
संगम नगरी प्रयागराज में प्यार में धोखे का सनसनीखेज मामला सामने आया है. जहां इंस्टाग्राम पर शुरू हुई एक नाबालिग लव स्टोरी का दर्दनाक अंत हुआ. शादी के दबाव में प्रेमी ने अपनी प्रेमिका की बेरहमी से हत्या कर दी. पुलिस ने आरोपी नाबालिग प्रेमी को हिरासत में लिया, उसकी निशानदेही पर नाबालिग की लाश को नहर के पास झाड़ियों से बरामद किया.
पुलिस के मुताबिक, सराय इनायत थाना क्षेत्र के जमुनीपुर गांव की रहने वाली 17 साल की नाबालिग लड़की खुशी पाल दसवीं की छात्रा थी. जिसकी दोस्ती इंस्टाग्राम पर बहरिया थाना क्षेत्र के रहने वाले साढ़े 17 साल के असमित वर्मा से हो गई. असमित 12वीं का छात्र है. दोनों के बीच फोन पर बातचीत होने लगी और दोनों एक दूसरे के करीब आ गए.
मऊ आइमा ले जाकर धारदार हथियार से हत्या
इस बीच 20 अप्रैल को नाबालिग लड़की खुशी पाल स्कूल गई और घर नहीं लौटी. परेशान परिजनों ने काफी खोजबीन के बाद सराय इनायत थाने में आरोपी नाबालिग लड़के असमित वर्मा के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया. इस मामले में पुलिस अधिकारियों ने पुलिस टीमों का गठन किया था. और आरोपी नाबालिग असमित वर्मा को हिरासत में लिया.
आरोपी ने बताया कि इंस्टाग्राम पर उसकी दोस्ती खुशी पाल से हुई थी. पिछले कुछ दिनों से खुशी उस पर शादी करने का दबाव बना रही थी. जिसके चलते उसने खुशी को बुलाया और बाइक से उसे लेकर मऊ आइमा चला गया. जहां उसने धारदार हथियार से गले पर वार कर उसकी हत्या की और शव को हरखपुर गांव में नहर के पास झाड़ियों में फेंक दिया.
गहने और पैसे लेने के बाद हत्या- पीड़ित पिता
वहीं पुलिस ने आरोपी नाबालिग लड़के की निशानदेही पर नाबालिग प्रेमिका का क्षत विक्षप्त शव बरामद कर लिया है. परिजनों ने मृतका के कपड़े से उसके शव की शिनाख्त की है. क्योंकि हत्या के बाद नाबालिग लड़की का शव सड़ी गली अवस्था में मिला है. पुलिस ने इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
लड़की के पिता लक्ष्मी नारायण पाल के मुताबिक, बेटी घर से लाखों के आभूषण और नकदी लेकर गई थी. पिता ने आरोप लगाया है कि आरोपी ने गहने और पैसे लेने के बाद उसकी बेटी की बेरहमी से हत्या कर दी. वहीं मृतक की छोटी बहन ने बताया कि उसकी बहन मोबाइल पर आरोपी से बात करती थी. परिवार ने पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है.
