MNNIT में BTech छात्रा से रेप का आरोप, असिस्टेंट प्रोफेसर गिरफ्तार; कैंपस में मचा हड़कंप

प्रयागराज के MNNIT में B.Tech छात्रा से दुष्कर्म का संगीन मामला सामने आया है. पुलिस ने आरोप में एक असिस्टेंट प्रोफेसर को गिरफ्तार किया है. शिवकुटी पुलिस ने छात्रा की शिकायत के आधार पर यह कार्रवाई की. पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है, जबकि कैंपस में हड़कंप मचा है.

MNNIT प्रोफेसर दुष्कर्म आरोप में गिरफ्तार

प्रयागराज के मोतीलाल नेहरू राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (MNNIT) में BTech की छात्रा से दुष्कर्म के आरोप का मामला सामने आया है. छात्रा की शिकायत के आधार पर शिवकुटी थाना पुलिस ने संस्थान के एक असिस्टेंट प्रोफेसर को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपी को MNNIT गेट के पास से गिरफ्तार किया. वहीं, घटना के बाद कैंपस में हड़कंप मचा है.

पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान करीब 38 वर्षीय सौगत राय के रूप में हुई है. वह मूल रूप से पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में थाना प्रफुल्ल कानन क्षेत्र के कृष्णापुर गांव का रहने वाला है. गिरफ्तारी के बाद आरोपी को पुलिस थाने ले जाया गया, जहां आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की गई. पुलिस आरोपी से मामले में पूछताछ करने में जुटी है.

BNS की इन गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज

पुलिस के मुताबिक, BTech छात्रा ने असिस्टेंट प्रोफेसर सौगत राय के खिलाफ दुष्कर्म समेत अन्य धाराओं में शिकायत दी थी. शिवकुटी पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और BNS की धारा 64(2)(च) और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने इस मामले में मुकदमा अपराध संख्या 123/2026 दर्ज किया है.

पुलिस का कहना है कि छात्रा की शिकायत में लगाए गए आरोपों और घटनाक्रम से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. छात्रा के बयान समेत उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस अब आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश करने की तैयारी कर रही है, जिसके बाद उसे जेल भेजा जाएगा, जहां से आगे की प्रक्रिया तय होगी.

आरोपों से जुड़े हर पहलुओं की जांच में पुलिस

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है. छात्रा द्वारा लगाए गए आरोपों और इससे जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि आरोपों की सत्यता जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही पूरी तरह स्पष्ट होगी. वहीं, प्रतिष्ठित तकनीकी संस्थान से जुड़े इस मामले के सामने आने के बाद कैंपस में भी चर्चा का माहौल है.

Follow Us