बनने गई थी ‘श्रीदेवी’, हो गई साजिश की शिकार; मोनालिसा की शादी पर मां-बहन ने उठाए सवाल

प्रयागराज महाकुंभ में मशहूर हुई मोनालिसा ने फरमान से अंतरधार्मिक विवाह किया है. उसकी शादी पर बवाल मच गया है. परिवार उसे 'साजिश का शिकार' बता रहा है. मोनालिसा की मां-बहन ने तो सीएम मोहन यादव से बेटी को बचाने की गुहार तक लगा दी है. उनका दावा है कि मोनालिसा को शादी के लिए मजबूर किया गया, उसके फ़ोन छीन लिए गए और पिता से मारपीट की गई. उधर, फरमान का परिवार भी इस शादी से नाराज है.

मोनालिसा की शादी पर बवाल Image Credit:

प्रयागराज महाकुंभ के दौरान अपने नैन-नक्श की वजह से मशहूर हुई मोनालिसा की शादी पर बवाल शुरू हो गया है. मोनालिसा ने अपने मुस्लिम बॉयफ्रेंड फरमान के साथ केरल के मंदिर में शादी की है. उसकी शादी पर पहले सनोज मिश्रा ने सवाल उठाया, अब खुद मोनालिसा की मां और बहन ने हंगामा खड़ा कर दिया है. शादी की खबर सुनने के बाद से ही फूट-फूटकर रो रही मोनालिसा की मां का दावा है कि वह साजिश की शिकार हुई है.

इस खबर के बाद से ही मोनालिसा के घर में सन्नाटा पसरा है. उसकी मां और बहन सीएम मोहन यादव से बेटी को बचाने की गुहार लगा रही हैं. मीडिया से बात करते हुए मोनालिसा की मां ने कहा कि उनकी बेटी को फरमान से शादी के लिए मजबूर किया गया है. यह कोई बड़ी साजिश है. उन्होंने कहा कि उनकी बेटी सीधी-सादी है. उसके पास दो फोन थे, यह दोनों फोन छीन लिए गए हैं. वह चाह कर भी अपनी बेटी से बात नहीं कर पा रही हैं. उनकी बेटी को भी घर वालों से बात नहीं करने दिया जा रहा है.

पिता से मारपीट का आरोप

मोनालिसा की छोटी बहन ने बताया कि उनकी बेटी को श्रीदेवी जैसा स्टार बनाने का झांसा दिया गया था. पहले उसे उज्जैन ले जाया गया, फिर केरल ले जाकर यह साजिश रची गई. कहा कि उनके पिता को पता चला कि बेटी केरत में है तो वह वहां पहुंच गए और बेटी को वापस लाने की कोशिश की, लेकिन फरमान एवं उसके साथियों ने उसके पिता के साथ भी मारपीट की. बहन ने यह भी आशंका जताई कि शायद उसकी बहन के साथ वशीकरण किया गया है.

परिवार ने उठाए सवाल

मोनालिसा के परिवार ने इस शादी पर कई सवाल उठाए हैं. पूछा कि वह तो मणिपुर डायरी जैसी फिल्म में काम करने वाली थीं, बताया गया था कि यह फिल्म हिंदू समाज को जागृत करने वाली है, अचानक एक मुस्लिम से शादी कैसे हो गई? फिर पूछा कि एक दिन पहले तक तो परिवार के साथ थी, अचानक केरल पहुंचते ही उसे प्यार कैसे हुआ और एक ही दिन में मैरिज सर्टिफिकेट कैसे बन गया? मोनालिसा के परिजनों ने सीएम से गुहार लगाते हुए कहा कि यह बड़ी साजिश है.

गुस्से में है फरमान का परिवार

इस शादी से मोनालिसा के परिवार में तनाव तो है ही, फरमान के घर वाले भी बहुत नाराज हैं. इस अंतरधार्मिक विवाह को लेकर फरमान के परिजन गुस्से में हैं. बल्कि वह इस मुद्दे पर किसी से बातचीत करने से भी भरसक परहेज कर रहे हैं. उनका कहना है कि फरमान ने समाज में उनकी नाक कटा दी है. वहीं, मोनालिसा के परिजनों एवं पड़ोसियों का कहना है कि महाकुंभ में उसने जो नाम कमाया, इस हरकत की वजह से सब मिट्टी में मिला दिया है.

Follow Us