प्रेस से कुचलकर पत्नी की हत्या, फिर शव से लिपटकर पूरी रात सोया रहा पति; सुबह पहुंची पुलिस तो…
प्रयागराज में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. एक युवक ने पारिवारिक कलह के बाद अपनी पत्नी का सिर प्रेस से कुचलकर हत्या कर दी और पूरी रात शव के साथ सोया रहा. सुबह सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी पति हेमंत कुमार वर्मा को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
उत्तर प्रदेश में संगम नगरी प्रयागराज में एक दिल दहलाने वाली वारदात हुई है. यहां एक युवक ने पहले प्रेस से सिर कुचलकर पत्नी की हत्या की और पूरी रात शव से लिपटकर सोया. सुबह सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस ने मौके से आरोपी को अरेस्ट करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है. मामला प्रयागराज के झूंसी थाना क्षेत्र में कनिहार वार्ड के चमनगंज का है.
पुलिस के मुताबिक वारदात बुधवार की रात का है. इस मामले में आरोपी पति हेमंत कुमार वर्मा को अरेस्ट कर लिया गया है. पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल लोहे की प्रेस को भी बरामद कर लिया है. जानकारी के मुताबिक मूल रूप से फतेहपुर का रहने वाला हेमंत वर्मा यहां झूंसी में परिवार के साथ करीब 30 साल से रह रहा है. रोजी रोटी के लिए उसने आवास विकास कॉलोनी विद्युत उपकेंद्र के पास अपनी मां के साथ बैग रिपेयरिंग का काम करता था.
पांच साल पहले हुई थी शादी
पुलिस के मुताबिक हेमंत की शादी साल 2021 में पंजाब के गुरुदासपुर शहर में मॉडल टाउन धारीवाल की रहने वाली स्वीटा के साथ हुआ था. शादी धूमधाम से हुई, लेकिन कुछ दिन बाद ही दोनों में खटपट शुरू हो गई. नौबत यहां तक आ गई कि आरोपी की मां और बहन उसी मकान में ऊपर के फ्लोर पर इनसे अलग रहने लगी. वहीं हेमंत अपनी पत्नी स्वीटा और तीन साल की बेटी एस्टर्ड के साध नीचे वाले फ्लोर पर रहते थे.
देर रात तक हुआ झगड़ा
परिजनों ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि हेमंत और उसकी पत्नी के बीच देर रात तक झगड़ा हुआ. इस दौरान दोनों के बीच मारपीट भी हुई. इसी दौरान हेमंत ने प्रेस से कुचलकर पत्नी की हत्या कर दी. वहीं पत्नी की मौत के बाद आरोपी पूरी रात शव से लिपट के सोया. सुबह होने पर परिजनों ने देखा तो वह शव के पास ही बैठा हुआ था. यहां तक कि पुलिस ने भी आरोपी को उसी हाल में अरेस्ट किया है.
पुलिस ने दी परिजनों को सूचना
झुंसी एसएचओ महेश मिश्र के मुताबिक घटना के संबंध में महिला के परिजनों को सूचित कर दिया गया है. उनके आने पर मुकदमा दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा. फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है. पुलिस के मुताबिक आरोपी कुष्ठ रोग से पीड़ित है. इसकी वजह से उसकी शादी नहीं हो रही थी. ऐसे में उसने धर्म बदलकर ईसाई बन गया और मेट्रोमोनियल साइट के जरिए उसका रिश्ता हुआ था.
