प्रयागराज में अवैध प्लाटिंग पर गरजा बुलडोजर, भाकियू नेता की 28 बीघा साइट ध्वस्त

प्रयागराज विकास प्राधिकरण (PDA) ने अवैध प्लाटिंग के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया. भाकियू युवा प्रदेश अध्यक्ष अनुज सिंह की कई स्थानों पर बनी करोड़ों की अवैध प्लाटिंग को बुलडोजर से ध्वस्त किया गया. बिना स्वीकृत लेआउट के विकसित इन प्लाटिंग पर कड़ी कार्रवाई की गई.

अनुज सिंह की कई अवैध प्लाटिंग पर चला बुलडोजर Image Credit:

प्रयागराज विकास प्राधिकरण (PDA) का अवैध प्लाटिंग के खिलाफ अभियान लगातार जारी है. सोमवार सुबह से पीडीए की प्रवर्तन टीम ने एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के कई गांवों में बड़े पैमाने पर बुलडोजर कार्रवाई शुरू की. इस दौरान भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के युवा प्रदेश अध्यक्ष अनुज सिंह की कई अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त कर दिया गया.

पीडीए की कार्रवाई के तहत भाकियू युवा प्रदेश अध्यक्ष अनुज सिंह की असरावल खुर्द स्थित करीब 20 बीघे में की गई अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त किया गया. इसके साथ ही रावतपुर में लगभग 8 बीघे में विकसित की गई अवैध प्लाटिंग पर भी बुलडोजर चलाया गया. अधिकारियों के मुताबिक, कटहुला गौसपुर में मौजूद अन्य अवैध प्लाटिंग पर भी जल्द कार्रवाई होगी.

मधुकर मिश्रा-शिवांग श्रीवास्तव पर भी शिकंजा

प्रयागराज विकास प्राधिकरण की अवैध प्लाटिंग के खिलाफ अभियान के दौरान असरावल खुर्द में मधुकर मिश्रा की करीब 10 बीघे और शिवांग श्रीवास्तव की लगभग 8 बीघे में विकसित अवैध प्लाटिंग को भी ध्वस्त किया गया. यह पूरी कार्रवाई जोनल अधिकारी सूरज पटेल के नेतृत्व में तीन जेसीबी मशीनों की मदद से की गई.

पीडीए अधिकारियों का कहना है कि बिना प्राधिकरण से लेआउट स्वीकृत कराए विकसित की जा रही कॉलोनियों और प्लाटिंग के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है. ऐसे मामलों में नियमों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी और अवैध निर्माण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

अनुज सिंह पर 8 मुकदमे के बाद एक और FIR

अधिकारियों के मुताबिक, हाल ही में प्रयागराज विकास प्राधिकरण ने अनुज सिंह के खिलाफ एयरपोर्ट थाने में आठ मुकदमे दर्ज कराए हैं. इसके अलावा मेला प्राधिकरण की ओर से भी उनके खिलाफ एक अलग एफआईआर दर्ज कराई गई है.

पीडीए उपाध्यक्ष ऋषिराज के निर्देश पर चल रहे इस अभियान के तहत अवैध प्लाटिंग और अनधिकृत कॉलोनियों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी. प्राधिकरण ने लोगों से भी अपील की है कि किसी भी भूखंड की खरीद से पहले उसका लेआउट और स्वीकृति की जानकारी अवश्य जांच लें.

Follow Us