राहुल गांधी के दौरे से पहले प्रयागराज में छिड़ा पोस्टर वॉर! NEET से झारखंड तक निशाना
राहुल गांधी के प्रयागराज दौरे से पहले शहर में सियासी पोस्टर वार छिड़ गया है. उनके छात्र संवाद 'गूंज' कार्यक्रम से पहले विवादित पोस्टर लगाए गए हैं, जिनमें राहुल गांधी पर तीखे तंज कसे गए हैं. NEET परीक्षा और झारखंड नहीं जाने को लेकर भी निशाना साधा गया है. हालांकि, इन पोस्टरों पर किसी संगठन का नाम नहीं है.
कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के प्रयागराज दौरे से पहले शहर का सियासी माहौल गरमा गया है. राहुल गांधी के कार्यक्रम से पहले अलग-अलग इलाकों में उनके खिलाफ विवादित पोस्टर लगाए गए हैं. इन पोस्टरों में राहुल गांधी की तस्वीर के साथ NEET, छात्रों के मुद्दे और झारखंड से जुड़े सवाल उठाते हुए तीखे तंज कसे गए हैं.
एक पोस्टर में लिखा है- “जो भाग कर प्रयागराज आए, वह झारखंड जाने से क्यों घबराए?” वहीं दूसरे पोस्टर में सवाल किया गया है- “जब झारखंड के छात्र मांग रहे न्याय, राहुल प्रयागराज ड्रामा करने क्यों आए?” एक अन्य पोस्टर पर लिखा है- “कब आओगे मेरे राहुल, तुम्हें झारखंड बुलाता है.”

राहुल गांधी के खिलाफ लगाए गए पोस्टरों में NEET परीक्षा का मुद्दा भी उठाया गया है. एक पोस्टर में राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए लिखा गया है- “NEET पर हाइपोक्रेसी की भी सीमा होती है, प्रयागराज WOW, झारखंड छी.” पोस्टरों के जरिए राहुल गांधी के प्रयागराज दौरे और छात्रों से होने वाले संवाद पर सवाल खड़े किए गए हैं.
पोस्टरों पर किसी संगठन का नाम नहीं
खास बात यह है कि इन विवादित पोस्टरों पर किसी व्यक्ति, संगठन या राजनीतिक दल का नाम नहीं लिखा है. ऐसे में अभी यह स्पष्ट नहीं है कि इन्हें किसने लगवाया है. हालांकि, राहुल गांधी की तस्वीर और उन पर किए गए सीधे राजनीतिक हमलों के चलते पोस्टर सामने आने के बाद शहर में सियासी चर्चा तेज हो गई है.
प्रयागराज दौरे से पहले गरमाया माहौल
दरअसल, राहुल गांधी के प्रयागराज दौरे को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी शहर में पोस्टर और बैनर लगाए हैं. राहुल गांधी छात्रों के साथ ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में संवाद करेंगे. इस दौरान NEET, पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था, रोजगार और छात्रों से जुड़े दूसरे मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है.
कांग्रेस इस कार्यक्रम को छात्रों की आवाज उठाने वाला महत्वपूर्ण आयोजन बता रही है. वहीं, राहुल गांधी के विरोध में लगे पोस्टरों ने कार्यक्रम से पहले ही राजनीतिक माहौल को गरमा दिया है. अब नजर इस बात पर है कि राहुल गांधी अपने प्रयागराज दौरे के दौरान इन मुद्दों और छात्रों से जुड़े सवालों पर क्या कहते हैं.
