प्रयागराज में छात्रों से संवाद करेंगे राहुल गांधी, इन मुद्दों पर होगी चर्चा

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी प्रयागराज में छात्रों से संवाद करेंगे. इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अब तक 1.11 लाख से अधिक छात्र-छात्राओं ने क्यूआर कोड और मिस्ड कॉल के माध्यम से पंजीकरण कराया है. इतनी बड़ी संख्या में हुए रजिस्ट्रेशन को देखते हुए कार्यक्रम में भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है.

काग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी (फाइल फोटो) Image Credit: PTI

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी प्रयागराज आ रहे हैं. यहां वह छात्रों से विभिन्न मुद्दों पर संवाद करेंगे. राहुल गांधी की प्रयागराज यात्रा को लेकर छात्रों में गजब का उत्साह देखा जा रहा है. इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अब तक 1.11 लाख से अधिक छात्र-छात्राओं ने क्यूआर कोड और मिस्ड कॉल के माध्यम से पंजीकरण कराया है. इतनी बड़ी संख्या में हुए रजिस्ट्रेशन को देखते हुए कार्यक्रम में भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है.

राहुल गांधी के पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक वह अगस्त के पहले या दूसरे सप्ताह में प्रयागराज पहुंचेंगे. यहां वह प्रतियोगी छात्रों से मिलेंगे. उनकी समस्याएं जानेंगे और विभिन्न मुद्दों पर वह सीधा संवाद करेंगे. माना जा रहा है कि उनके आगमन की तारीख जल्द ही घोषित की जा सकती है. इससे पहले दो बार उनके प्रयागराज दौरे का कार्यक्रम बना, लेकिन विभिन्न कारणों से दोनों बार कार्यक्रम स्थगित हो गया.

तैयारी में जुटी कांग्रेस

कांग्रेस पार्टी के मुताबिक इस बार राहुल गांधी के कार्यक्रम में कोई अड़चन नजर नहीं आ रही. इसलिए यह तय है कि वह अगस्त के पहले या दूसरे हफ्ते में प्रयागराज आ रहे हैं. उनके इस संभावित कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस पार्टी अभी से तैयारियों में जुट गई है. वहीं राहुल गांधी से सवाल जवाब करने के लिए प्रयागराज में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं में भी उत्साह देखते ही बन रहा है.

इन मुद्दों पर होगी चर्चा

राहुल गांधी के इस छात्र संवाद कार्यक्रम में मुख्य फोकस पेपर लीक, बेरोजगारी और युवाओं से जुड़े मुद्दे होंगे. राहुल गांधी इन विषयों पर केंद्र की भाजपा सरकार को घेरने की रणनीति के तहत छात्रों के बीच सीधे पहुंचेंगे. कांग्रेस के पदाधिकारियों का मानना है कि युवाओं के सबसे बड़े मुद्दों पर सीधा संवाद राजनीतिक रूप से भी महत्वपूर्ण साबित हो सकता है. राहुल गांधी ने युवाओं के बीच अपनी पहुंच मजबूत करने के लिए 17 जून को राजस्थान के कोटा से ‘छात्र संवाद अभियान’ की शुरुआत की थी, जहां उन्होंने कोचिंग छात्रों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनी थीं.

ये है कार्यक्रम का उद्देश्य

राहुल गांधी ने देहरादून में भी छात्र संवाद कार्यक्रम आयोजित किया था. वहीं अब वह प्रयागराज आ रहे हैं. प्रयागराज को इस अभियान के लिए कांग्रेस ने रणनीतिक रूप से चुना है. देश के सबसे बड़े प्रतियोगी परीक्षा केंद्रों में शामिल प्रयागराज में लाखों छात्र विभिन्न सरकारी नौकरियों की तैयारी करते हैं. ऐसे में पेपर लीक और रोजगार जैसे मुद्दों पर राहुल गांधी का यह संवाद राजनीतिक और सामाजिक दोनों दृष्टि से अहम माना जा रहा है.

Follow Us