सीतापुर से ही इस बार भी UP बोर्ड के टॉपर, 10वीं में कशिश तो 12वीं में शिखा को मिले सबसे ज्यादा नंबर
यूपी बोर्ड की परीक्षा के परिणाम घोषित हो गए हैं. इस परीक्षा में सीतापुर के बिलौरी बाजार इंटर कॉलेज की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन किया है. हाईस्कूल में इस स्कूल की कशिश वर्मा ने 97.83 प्रतिशत अंक हासिल कर टॉप किया है. वहीं इसी स्कूल की परी वर्मा ने 97.33 फीसदी अंकों के साथ इंटरमीडिएट की परीक्षा में टॉप किया है.
यूपी बोर्ड की परीक्षा के परिणाम घोषित हो गए हैं. इस परीक्षा में सीतापुर के बिलौरी बाजार इंटर कॉलेज की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन किया है. हाईस्कूल में इस स्कूल की कशिश वर्मा ने 97.83 प्रतिशत अंक हासिल कर टॉप किया है. वहीं इसी स्कूल की परी वर्मा ने 97.33 फीसदी अंकों के साथ इंटरमीडिएट की परीक्षा में टॉप किया है. उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के निदेशक महेंद्र देव ने गुरुवार की शाम चार बजे परीक्षा परिणाम घोषित किया.
माध्यमिक शिक्षा परिषद के चेयरमैन महेंद्र देव ने यूपी बोर्ड के परिणाम जारी करते हुए बताया कि इस बार हाईस्कूल में पहले स्थान पर सीतापुर से कशिश वर्मा और बाराबंकी से अंशिका वर्मा हैं. इन्हें 97.83 फीसदी अंक मिले हैं. इसी प्रकार बाराबंकी की आदिति 97.50 अंक पाकर दूसरे स्थान पर हैं. उन्होंने बताया कि 97.33 फीसदी अंकों के साथ झांसी की अर्पिता साहू और सीतापुर की परी वर्मा तीसरे स्थान पर हैं.
90.42 फीसदी रहा हाईस्कूल का परिणाम
इसी प्रकार इंटरमीडिएट की परीक्षा में 97.60 फीसदी अंक पाकर सीतापुर की शिखा वर्मा ने टॉप किया है. वहीं 97.20 फीसदी अंकों के साथ बरेली की नंदिनी गुप्ता और बाराबंकी की श्रेया वर्मा दूसरे स्थान पर हैं. इस परीक्षा में 97.00 फीसदी अंकों के साथ बरेली की सुरभि यादव और बाराबंकी की पूजा पाल ने तीसरा स्थान हासिल किया है. उन्होंने बताया कि इस परीक्षा में हाईस्कूल का परिणाम 90.42 फीसदी रहा है. इसी प्रकार इंटरमीडिएट का रिजल्ट 80.38 प्रतिशत है.
15 दिन में हुआ मूल्यांकन
उन्होंने प्रदेश में नकल विहीन और पारदर्शी तरीके से इस परीक्षा को संपन्न कराने के लिए केंद्र व्यवस्थापकों एवं अन्य अधिकारियों की खूब सराहना की. बताया कि यह परीक्षाएं 18 फरवरी से शुरू होकर 12 मार्च तक चलीं थीं. इन परीक्षाओं के लिए प्रदेश भर में कुल 8033 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे. परीक्षा संपन्न होने के साथ ही प्रदेश के 254 मूल्यांकन केंद्रों पर 18 मार्च से 4 अप्रैल तक मूल्यांकन किया गया. इसके बाद अब विधिवत परिणाम घोषित किए गए हैं.
सीतापुर से निकले ये मेधावी
उत्तर प्रदेश में सीतापुर की धरती से एक बार फिर यूपी बोर्ड परीक्षा में कई मेधावी निकलकर सामने आए हैं. अपनी मेहनत और लगन के दम पर इंटरमीडिएट परीक्षा में बाबूराम सावित्री देवी इंटर कॉलेज बिलौली बाजार की छात्रा शिखा वर्मा ने 97.6 प्रतिशत अंक हासिल कर प्रदेश में टॉप किया है. शिखा की इस शानदार सफलता ने न सिर्फ उनके परिवार, बल्कि पूरे सीतापुर जिले का नाम रोशन कर दिया है साधारण परिवार से आने वाली शिखा वर्मा की यह उपलब्धि आसान नहीं थी. उनके पिता एक छोटे किसान हैं और माता गृहणी हैं सीमित संसाधनों के बावजूद शिखा ने कभी अपने सपनों को कमजोर नहीं होने दिया.
नंदिनी और सुरभि के घर में जश्न
शिखा की इस सफलता के पीछे उनकी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प साफ झलकता है. शिखा वर्मा का सपना है कि वह आगे चलकर आईएएस अधिकारी बनें. उधर, नंदिनी के पिता वेल्डिंग का काम करते हैं और सुरभि यादव के पिता इफको फैक्ट्री में कर्मचारी हैं. बोर्ड परीक्षा के रिजल्ट आने के बाद दोनों के घरों में खुशी की लहर है. परिवार वाले मिठाईयां खिला रहे हैं और फूल मालाओं से स्वागत कर रहे हैं.
किसान की बेटी है हाईस्कूल टॉपर
सीतापुर की ही कशिश वर्मा ने हाईस्कूल में टॉपकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है. बाबूराम सावित्री देवी इंटर कॉलेज बिलौली बाजार की छात्रा कशिश वर्मा ने इस परीक्षा में सबसे अधिक 97.83 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं. कशिश के पिता एक किसान हैं और मां गृहणी हैं. सीमित साधनों के बावजूद कशिश ने अपनी मेहनत और लगन के दम पर यह मुकाम हासिल किया है. कशिश की यह सफलता उन सभी छात्रों के लिए प्रेरणा है, जो कठिन परिस्थितियों के बावजूद अपने सपनों को साकार करने का साहस रखते हैं.
