मानसून सीजन में आसमान से बरस रही आग, 45 जिलों में लू का अलर्ट; UP में क्यों कहर ढा रही गर्मी?
उत्तर प्रदेश में मानसून की देरी के कारण भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है. मध्य यूपी और बुंदेलखंड समेत 45 जिलों में लू का येलो अलर्ट जारी किया गया है. सोमवार को प्रयागराज देश में सबसे गर्म रहा, जहां तापमान 43.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम विभाग ने आगामी दिनों में भी कई जिलों में भयंकर गर्मी की चेतावनी दी है.
वैसे तो सीजन मानसून का चल रहा है, लेकिन अभी भी मानसून उत्तर प्रदेश से कोसों दूर है. वहीं गर्मी पूरे प्रदेश खासतौर पर मध्य यूपी और बुंदेलखंड के हिस्सों में कहर बरपा रही है. सोमवार को ही बांदा, चित्रकूट, झांसी, प्रयागराज, वाराणसी, बाराबंकी, लखीमपुर खीरी, बहराइच आदि जिले भयानक लू की चपेट में रहे. हालांकि पूर्वांचल के कुछ जिलों में हल्की बारिश भी हुई. बावजूद इसके पूरे प्रदेश में गर्मी की वजह से लोगों को ना तो दिन में चैन मिला और ना ही रात में सुकून.
मौसम की ताजा परिस्थितियों को देखते हुए भारती मौसम विभाग ने आज मंगलवार के लिए भी यूपी के 45 जिलों में लू का येलो अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र से जारी ताजा बुलेटिन के मुताबिक आज बांदा, चित्रकूट, प्रयागराज, वाराणसी, झांसी, आगरा, कानपुर आदि जिलों में आज आसमान पूरी तरह से साफ है. सुबह से ही चटखदार धूप निकली है. दिन चढ़ने के साथ इन सभी जिलों में भयानक लू चल सकती है. मौसम विभाग ने आज के लिए प्रदेश के कुल 45 जिलों में भीषण गर्मी की संभावना जताई है.
देश में सबसे गर्म प्रयागराज
मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार को पूर्वांचल के गोरखपुर, बस्ती, मऊ, बलिया महराजगंज और सिद्धार्थनगर आदि जिलों में कहीं हल्की तो कहीं मध्यम बारिश हुई थी. बावजूद इसके तापमान में कमी नहीं आई. सोमवार को उत्तर प्रदेश ही नहीं, देश में सबसे गर्म प्रयागराज रहा. यहां अधिकतम तापमान 43.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था. इसी प्रकार हमीरपुर जिले में अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री, कानपुर में 41.8 डिग्री, अमेठी में 41.5 डिग्री और बांदा में 41.5 डिग्री सेल्सियस रहा.
भट्ठी की तरह तपेंगे ये जिले
मौसम विभाग ने आज मंगलवार के लिए जिन 45 जिलों में लू का अलर्ट जारी किया है, उनमें बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र आदि जिले शामिल हैं. इनके अलावा मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संतकबीरनगर, बस्ती कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकरनगर आदि जिले भी भट्ठी की तरह तपेंगे.
मानसून में देरी से बिगड़ा सिस्टम
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक समय से शुरू होने के बावजूद मानसून लेट हो गया है. पहले अनुमान था कि मानसून 22 जून को ही यूपी में दस्तक देगा, लेकिन बिहार बंगाल में आकर मानसून हिचकोले खाने लगा. गनीमत रही कि 22 जून को एक बार फिर मानसून ने गति पकड़ ली. अब उम्मीद है कि बंगाल की खाड़ी से उठा मानसून 25 जून के आसपास यूपी पहुंच सकता है. वहीं दक्षिण पश्चिम मानसून के भी इसी समय में यूपी पहुंचने का अनुमान है.