‘कब होगी मेरी शादी… निकली जा रही जवानी…’, 41 की उम्र में भी रह गई कुंवारी, तो मदद मांगने थाने पहुंची युवती

प्रयागराज में 41 वर्षीय महिला ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है कि उसका परिवार शादी नहीं करा रहा, बल्कि शारीरिक व मानसिक उत्पीड़न कर रहा है और उसकी जमीन भी हड़प ली है. महिला का आरोप है कि माता-पिता व भाई-बहन रिश्ते ठुकरा देते हैं और मारपीट भी करते हैं. पुलिस ने पारिवारिक विवाद मानते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है.

सांकेतिक तस्वीर Image Credit:

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां थाने में एक महिला की शिकायत पर पुलिस वाले भी हैरान रह गए. महिला ने अपनी शिकायत में बताया कि उसकी उम्र 41 पार हो चुकी है, लेकिन अभी तक उसके घर वाले शादी करना तो दूर, इस मुद्दे पर विचार भी नहीं कर रहे. इस शिकायत को लेकर महिला का एक वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है. महिला के मुताबिक पैसे बचाने के चक्कर में उसके घर वाले उसकी शादी ही नहीं करना चाहते.

मामला प्रयागराज में इनायत थाना क्षेत्र का है. अपनी शिकायत में महिला ने अपने परिजनों के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए हैं. कहा कि उसके नाम की जमीन भी परिवार वालों ने अपने नाम करा ली. वहीं अब उसे शारीरिक और मानसिक तौर पर प्रताड़ित कर रहे हैं. सबसे बड़ी प्रताड़ना उसकी शादी ना कराने को लेकर है. कहा कि जब भी उसने शादी की बात उठाई, उसके साथ मारपीट हुई. कहा कि जब भी कोई रिश्ता उसके लिए आता भी है तो उसके माता-पिता और भाई-बहन ठुकरा देते हैं.

मारपीट का लगाया आरोप

शादी ना होने से दुखी इस युवती ने बताया कि एक बार उसके परिजन एक राय होकर कमरे में घुस आया और उसके साथ बुरी तरह से मारपीट की. बताया कि वह अपने व्यक्तिगत जरूरी चीजों के लिए भी खुद छोटे मोटे काम करती है. उसकी सारी संपत्ति हड़पने के बावजूद परिवार वाले उसकी कोई मदद नहीं करते. सोशल मीडिया में वायरल हो रहे 16 सेकेंड के वीडियो में युवती अपना पूरा दर्द बयां कर रही है. साथ ही पुलिस से मामले में हस्तक्षेप की अपील कर रही है.

मामले की जांच में जुटी पुलिस

इनायत थाना पुलिस ने युवती की शिकायत मिलने की पुष्टि की है. बताया कि तहरीर के मुताबिक मामले की जांच कराई जा रही है. बताया कि यह पारिवारिक विवाद का मामला है. इसलिए संबंधित पक्षों को नोटिस देकर बातचीत और पूछताछ के लिए थाने बुलाया गया है. इस मामले में सभी पक्षों से बातचीत कर समाधान निकालने का प्रयास किया जा रहा है.

Follow Us