‘गद्दार कौन’… रायबरेली में राहुल गांधी को लेकर लगाए गए आपत्तिजनक पोस्टर, मचा हड़कंप

रायबरेली में राहुल गांधी के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करते हुए बैनर और पोस्टर कई इलाकों में नजर आए. इसके चलते शहर में तनाव की स्थिति बनने की आशंका जताई जा रही है. ऐसे में पुलिस और प्रशासन हरकत में आ गया है. पोस्टर लगाने वालों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है.

राहुल गांधी के खिलाफ लगाए गए आपत्तिजनक पोस्टर

रायबरेली में विवादित पोस्टर और बैनरों को लेकर हड़कंप मच गया. यहां शहर की दीवारों, खंभों और सार्वजनिक स्थानों पर भड़काऊ पोस्टर लगाए गए हैं. इनमें कांग्रेस नेता राहुल गांधी को लेकर आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया है. इन पोस्टरों में “गद्दार कौन?” और “नकली गांधी श्री राहुल गांधी” जैसे शब्द लिखे होने से राजनीतिक माहौल गरमा गया है.

शहर के कई इलाकों में नजर आए आपत्तिजनक पोस्टर

स्थानीय लोगों के मुताबिक सुबह होते ही शहर के कई इलाकों में एक जैसे पोस्टर नजर आए. इन पोस्टरों को लेकर लोगों में नाराजगी भी देखी जा रही है. इसके चलते शहर में तनाव की स्थिति बनने की आशंका जताई जा रही है. कहा जा रहा है कि मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने भी बीते दिन अपने फेसबुक अकाउंट पर इसी तरह का पोस्टर साझा किया था. अब पूरे शहर में ऐसे पोस्टर लगाए गए.

तनाव की आशंका के चलते पुलिस और प्रशासन हरकत में

मामले की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन हरकत में आ गया है. संबंधित क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है और पोस्टर लगाने वालों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है. फिलहाल यह मामला राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर चर्चा का विषय बना हुआ है.