टॉयलेट पर भी पहरा… फौजी कपल को डिजिटल अरेस्ट कर खाते से निकाले 82 लाख; डरा देगी ये कहानी

उत्तर प्रदेश के रायबरेली में रिटायर्ड सूबेदार दंपत्ति को साइबर ठगों ने सीबीआई अधिकारी बनकर छह दिनों तक ‘डिजिटल अरेस्ट’ कर 82.5 लाख रुपये ठग लिए. जालसाजों ने उन्हें लगातार प्रताड़ित किया. शिकायत मिलने पर हरकत में आई पुलिस ने जालसाजों के खाते में 31 लाख रुपये होल्ड करा दिए हैं और बाकी रकम बरामद करने व जालसाजों को पकड़ने के लिए जांच जारी है.

रायबरेली में साइबर क्राइम थाना

उत्तर प्रदेश के रायबरेली में साइबर ठगी का एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां जालसाजों ने एक रिटायर सूबेदार और उनकी पत्नी को छह दिनों तक डिजिटल अरेस्ट किया. इस दौरान जालसाजों ने उनके खाते से 82 लाख 50 हजार रुपये अलग अलग बैंक खातों में ट्रांसफर करा लिया. आरोपियों ने पीड़ित दंपत्ति को इस कदर प्रताड़ित किया कि उन्हें टॉयलेट जाने के लिए भी अनुमति लेनी पड़ती थी.

मामला रायबरेली के सदर कोतवाली क्षेत्र के सम्राट नगर मोहल्ले का है. छह दिन बाद पीड़ित सूबेदार सूर्यभान सिंह ने पुलिस में शिकायत दी. इसके बाद हरकत में आई पुलिस ने आरोपियों के बैंक खाते सीज करते हुए 31 लाख रुपये तो होल्ड करा दिए हैं वहीं बाकी रकम जालसाजों ने दूसरे बैंक खातों में ट्रांसफर करा ली थी. अब पुलिस बैंक डिटेल और फोन डिटेल के आधार पर जालसाजों की पहचान और धरपकड़ में जुट गई है.

सीबीआई अधिकारी बनकर फंसाया

पीड़ित दंपत्ति ने पुलिस को बताया कि ठगों ने खुद को सीबीआई का अधिकारी बताकर कॉल किया था. इसके बाद एक बड़े घोटाले में उनकी भूमिका बताकर डिजीटल अरेस्ट कर लिया. इस दौरान जालसाजों ने दंपति को डराया-धमकाया और उन्हें 24 घंटे निगरानी में रहने के लिए मजबूर किया. जब भी ये दंपत्ति कैमरे की नजर से हटने की भी कोशिश करते, जालसाज उन्हें बुरी तरह से लताड़ लगाते थे.

बंगाल के बैंकों में ट्रांसफर कराए पैसे

पीड़ित दंपत्ति के मुताबिक जालसाजों ने उन्हें डरा धमकाकर कुल 82 लाख 50 हजार रुपये ट्रांसफर कराए. यह रकम IndusInd Bank नोएडा और Yes Bank बैरकपुर, पश्चिम बंगाल स्थित खातों में भेजी गई. फिर इन खातों से पैसा दूसरे बैंकों में ट्रांसफर कर लिया. शिकायत पर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए करीब 31 लाख रुपये तो इन बैंक खातों में होल्ड करा दिए हैं, लेकिन बाकी पैसा इन खातों से निकल चुका था.

Follow Us