अयोध्या बनी अभेद्य किला: 5 लेयर सिक्योरिटी, PM मोदी के रोड शो रूट की हर इमारत पर कमांडो
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज यानी 25 नवंबर को राम मंदिर के शिखर पर ध्वजारोहण करेंगे. उनकी सुरक्षा के लिए पांच लेयर्स का कवच तैयार किया गया है. रोड शो रूट की हर इमारत की छत पर सशस्त्र कमांडो तैनात हैं. हाई-रिज़ॉल्यूशन सीसीटीवी कैमरों से सभी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है.
रामनगरी अयोध्या आज किसी अभेद्य दुर्ग से कम नहीं दिख रही. मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम की नगरी में मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रामलला के मंदिर पर तिरंगा फहराएंगे और साकेत कॉलेज से राम मंदिर तक भव्य रोड शो करेंगे. इस ऐतिहासिक पल को सुरक्षित बनाने के लिए केंद्र और राज्य की सुरक्षा एजेंसियों ने कमर कस ली है. पूरा शहर किले में तब्दील हो चुका है.
सोमवार यानी 24 नवंबर की सुबह से ही अयोध्या की सभी सीमाएं सील कर दी गईं. बिना वैध पास के कोई भी व्यक्ति अयोध्या में प्रवेश नहीं कर पा रहा. रामपथ पर दोनों ओर भारी बैरिकेडिंग, हर गली मुहल्ले को बंद कर दिया गया है. रोड शो रूट की हर इमारत की छत पर सशस्त्र कमांडो तैनात हैं. आकाश में ड्रोन गश्त कर रहे हैं तो सड़कों पर हाई-रिज़ॉल्यूशन सीसीटीवी कैमरों की नजर है. सरयू नदी पर फ्लोटिंग कंट्रोल रूम से जलमार्ग की भी कड़ी निगरानी हो रही है.
पांच स्तरीय सुरक्षा घेरा
पुलिस सूत्रों के मुताबिक प्रधानमंत्री की सुरक्षा में पांच लेयर्स का कवच तैयार किया गया है. सबसे अंदरूनी घेरे में SPG (स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप) के एलीट कमांडो होंगे. ये जवान बेल्जियम निर्मित FN P-90 सबमशीन गन, ग्लॉक-17/19 पिस्टल और सबसे आधुनिक हथियारों से लैस होंगे.
दूसरा घेरा NSG के प्रसिद्ध ब्लैक कैट कमांडो होगा. इसके लिए करीब 600 NSG और ATS कमांडो ने अयोध्या में डेरा डाला हुआ है. तीसरा घेरा अर्द्धसैनिक बल (CRPF, RAF आदि) होगा. चौथा घेरा उत्तर प्रदेश पुलिस के विशेष दस्ते का होगा. 5वां और बाहरी घेरे में स्थानीय पुलिस और PAC के जवान तैनात होंगे.
अयोध्या में 30 हजार सुरक्षा बल
कुल मिलाकर अयोध्या और आसपास के जिलों से लगभग 30 हजार सुरक्षाबल तैनात किए गए हैं. हर 100 मीटर पर जवान मौजूद हैं. हाईवे और सभी प्रवेश मार्गों पर वाहनों की सघन चेकिंग हो रही है. जियो-फेंसिंग तकनीक से पूरे इलाके पर नजर रखी जा रही है.
सुरक्षा के लिए अभेद्य व्यवस्था
सुरक्षा बलों ने सोमवार यानी 24 नवंबर को पूरा रोड शो रूट और कार्यक्रम स्थल पर फुल ड्रेस रिहर्सल किया. छतों पर स्नाइपर्स, सड़कों पर क्विक रिएक्शन टीमें, एंटी-सैबोटेज चेक टीम. हर स्तर पर तैयारियां परखी गईं. एसएसपी अयोध्या डॉ. गौरव ग्रोवर ने बताया कि प्रधानमंत्री की सुरक्षा के लिए अभेद्य व्यवस्था की गई है. थल, नभ और जल तीनों माध्यमों से किसी भी तरह के खतरे को नाकारा जा रहा है. उन्होंने जनता से भी अपील है कि वे सुरक्षा एजेंसियों का सहयोग करें.
