साले के नाम से बनाई फर्जी ID, फिर वायरल की सास की अश्लील तस्वीर; दामाद क्यों बना ‘दुश्मन’?
सहारनपुर में रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है. यहां एक युवक ने अपने साले के नाम से फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर अपनी सास की अश्लील तस्वीरें सोशल मीडिया पर डाल दीं. आरोपी ने ब्लैकमेल कर 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगी और जान से मारने की धमकी भी दी. पीड़ित मां-बेटे की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर तस्वीरें हटवाईं और आरोपी की तलाश कर रही है.
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में रिश्तों की मर्यादा को तार-तार कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक युवक ने पहले अपने साले के नाम से इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी बनाई और फिर उसी आईडी से अपनी सास की अश्लील तस्वीरें सोशल मीडिया में डाल दीं. देखते ही देखते यह तस्वीरें वायरल होने लगीं. यही नहीं, आरोपी ने अपने साले और सास को जान से मारने की धमकी देते हुए उन्हें ब्लैकमेल करना भी शुरू कर दिया. आरोपी ने उनसे 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगी है.
पीड़ित साले और उसकी मां ने इस संबंध में सहारनपुर एसएसपी से मिलकर न्याय की गुहार की. इसके बाद पीड़ित मां-बेटे की शिकायत पर एसएसपी ने मंडी कोतवाली पुलिस को मामला दर्ज कर आरोपी को अरेस्ट करने के आदेश दिए हैं. इस आदेश के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस के मुताबिक पीड़ित परिवार ने अपनी तहरीर में बताया है कि मेरठ के श्यामनगर खजूर वाली गली में रहने वाले उसके बहनोई आस मोहम्मद इस शर्मनाक हरकत को अंजाम दिया है.
साले ने बताई बहनोई की करतूत
पीड़ित युवक ने पुलिस को दिए शिकायत में बताया कि उसके नाम से फर्जी आईडी उसके बहनोई आस मोहम्मद ने बनाई. इसके बाद उसकी मां की तस्वीरों को एडिट कर इंस्टाग्राम पर डाल दिया. इसके बाद भी आरोपी 10 लाख रुपयों की डिमांड करते हुए उन्हें लगातार धमकी दे रहा है. पैसे ना देने पर आरोपी ने जान से मारने की बात कही है. पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
पुलिस ने हटवाई तस्वीरें
एसएसपी के आदेश पर मंडी कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर सोशल मीडिया एकाउंट से अश्लील तस्वीरें हटवाई हैं. इसी के साथ पुलिस ने आरोपी की धरपकड़ के लिए अलग अलग पुलिस टीमों का गठन किया है. पुलिस के मुताबिक पता किया जा रहा है कि इन तस्वीरों को कहां कहां शेयर किया गया है. इसी के साथ पुलिस उस कंप्यूटर की भी तलाश कर रही है, जिसपर इन तस्वीरों को एडिट किया गया है.