सहारनपुर: ATS ने इनामी बांग्लादेशी नागरिक को दबोचा; 17 साल से चल रहा था फरार

सहारनपुर में ATS ने 24 घंटे के भीतर दो बड़े ऑपरेशन किए. नानौता में MP ATS ने पाकिस्तानी संपर्क के आरोप में नईम को हिरासत में लिया. वहीं, चिलकाना में UP ATS ने 17 साल से फरार 25 हजार के इनामी बांग्लादेशी नागरिक जाहिद को गिरफ्तार किया है. आरोपी विदेशी अधिनियम के एक मुकदमे में वांछित था

सहारनपुर में 17 साल से फरार बांग्लादेशी गिरफ्तार Image Credit:

सहारनपुर के चिलकाना में पुलिस और यूपी एटीएस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक इनामी बांग्लादेशी नागरिक को गिरफ्तार किया है. यह आरोपी साल 2009 से फरार चल रहा था और इसपर 25 हजार रुपय का इनाम घोषित था. आरोपी का नाम जाहिद उर्फ डल्लू है. वह विदेशी अधिनियम के एक मुकदमे में वांछित था और 17 सालों से छिपा था.

पुलिस के अनुसार, 8 अगस्त 2009 को अभिसूचना इकाई के उपनिरीक्षक इन्द्रपाल सिंह की तहरीर पर थाना कुतुबशेर में विदेशी अधिनियम की धारा 14 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था. इस मुकदमे में बांग्लादेश निवासी मोहम्मद जाहिद, वली अहमद, कमाल हुसैन, सुलेमान उर्फ बादशाह, कबीर अहमद और अब्दुल कादिर को नामजद किया गया था.

कोर्ट से जमानत मिलने के बाद से था फरार

आरोप था कि सभी बिना वैध पासपोर्ट और अन्य जरूरी दस्तावेजों के भारत में प्रवेश कर यहां छिपकर रह रहे थे और काम कर रहे थे. पुलिस के मुताबिक मुकदमे में नामजद तीन आरोपियों को अदालत से सजा हो चुकी है, जबकि जाहिद जमानत मिलने के बाद फरार हो गया था. उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट और 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था.

इसी कड़ी में चिलकाना पुलिस और एटीएस सहारनपुर की ज्वाइंट टीम ने मुखबिर की सूचना पर साइफन पुलिया के पास से आरोपी जाहिद पुत्र अहमद फकीर उर्फ डल्लू को गिरफ्तार कर लिया. आरोपी वर्तमान में पंजाब के डेराबस्सी, एसएएस नगर (मोहाली) क्षेत्र में अवैध रुप से रह रहा था. जबकि आरोपी जाहिद का स्थायी पता बांदरबन, बांग्लादेश का है.

विदेशी अधिनियम के तहत नया मुकदमा दर्ज

गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक बांग्लादेशी पहचान पत्र और वीवो कंपनी का मोबाइल फोन बरामद हुआ. मोबाइल की जांच में फर्जी आधार कार्ड सहित अन्य संदिग्ध दस्तावेजों की तस्वीरें भी मिली हैं. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना चिलकाना में बीएनएस की धाराओं 318(4), 336(3), 340(2) तथा विदेशी अधिनियम के तहत नया मुकदमा दर्ज किया है.

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी 2009 के बाद से लगातार अलग-अलग राज्यों में छिपकर रह रहा था. जांच एजेंसियों को उसके म्यांमार और बांग्लादेश के कुछ लोगों के संपर्क में रहने की जानकारी भी मिली है. उसकी पत्नी नेपाल की रहने वाली बताई गई है. पुलिस अब उसके अन्य साथियों और संभावित नेटवर्क की भी तलाश कर रही है.

Follow Us