यूपी से पैसा मिजोरम में ट्रांसफर! पेट्रोल पंप पर बदल दिया QR कोड, आप रहें सतर्क

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में फ्रॉड गैंग का एक नया खेल सामने आया है. यहां पर ठगी करने वालों ने पेट्रोल पंप पर लगे हे QR कोड को बदल दिया. जिसके बाद जब कस्टमर्स ने पेमेंट की तो पैसा मिजोरम में ट्रांसफर हो गया. क्या इसके पीछे कोई बड़ा गिरोह काम कर रहा है?

पेट्रोल पंप का बदल दिया क्यूआर कोड Image Credit:

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में डिजिटल फ्रॉड के नए तरीके ने सभी को चौंका दिया है. जनकपुरी थाना क्षेत्र के देहरादून रोड स्थित गणपति फिलिंग स्टेशन पर देर रात दो बाइक सवार युवकों ने QR कोड बदलकर ठगी की वारदात को अंजाम दिया. अगले दिन जब ग्राहकों ने ऑनलाइन भुगतान किया तो कंपनी के खाते में पैसा जाने के बजाय रकम मिजोरम के एक खाते में पहुंच गई. पेट्रोल पंप कर्मियों ने जब पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे चेक किए तो पता लगा की हेलमेट पहनकर आए एक शख्स ने मशीन पर दूसरा QR Code चस्पा कर दिया.

पेट्रोल पंप पर QR कोड बदल दिया

ये घटना 17 सितंबर की रात करीब 1 बजे की है. पंप पर उस समय सभी कर्मचारी सो रहे थे. इसी का फायदा उठाकर दो युवक बाइक से पहुंचे. फुटेज में साफ नजर आ रहा है कि एक युवक बाइक पर ही चक्कर लगाता रहा, जबकि दूसरा युवक चुपचाप मशीन के पास पहुंचा और वहां चिपके QR कोड को बदलकर अपना QR कोड चिपका दिया. यह सब कुछ मिनटों में हुआ और दोनों मौके से फरार हो गए.

ये भी पढ़ें-साइबर ठगों ने खुद को बैंककर्मी बताकर पूर्व IG को भरोसे में लिया, फिर खाते से उड़ाए लाखों रुपए, FIR

मिरोजरम में ट्रांसफर हुए पैसे

अगले दिन सुबह जब पंप खुला तो दो ग्राहक पेट्रोल लेने आए. उन्होंने मोबाइल से UPI के जरिए भुगतान किया, लेकिन रकम पंप के अकाउंट में न पहुंचकर किसी अन्य अकाउंट में चली गई. कर्मचारियों ने जब मशीन और रिकॉर्ड खंगाला तो पता चला कि लगभग 2 हजार रुपये का पेमेंट फ्रॉड तरीके से ट्रांसफर हो गया है और पैसा किसी मिजोरम के शख्स के अकाउंट में ट्रांसफर हुआ.

पुलिस की जांच में सामने आया कि ग्राहकों की रकम रिंकू कुमार नामक व्यक्ति के अकाउंट में जा रही थी, जो मिजोरम का रहने वाला है. इससे साफ हो गया कि यह काम किसी संगठित गिरोह का हो सकता है, जो प्रदेशभर में QR कोड फ्रॉड की वारदातें कर रहा है.

शिकायत पर पुलिस ने पंप का सीसीटीवी फुटेज खंगाला. उसमें दोनों आरोपी बाइक से आते और QR कोड बदलते साफ नजर आ रहे हैं. फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है. साथ ही साइबर सेल की भी मदद ली जा रही है ताकि, पैसों के लेनदेन का ट्रैक किया जा सके.

जनकपुरी थाना पुलिस को आशंका है कि आरोपियों ने इसी तरह की वारदात अन्य पेट्रोल पंपों पर भी की होगी. इसलिए पुलिस ने आसपास के सभी पंप संचालकों से सतर्क रहने और QR कोड की जांच कराने की अपील की है. साथ ही इस मामले को साइबर क्राइम से जोड़कर गहराई से छानबीन शुरू कर दी गई है.

Follow Us