ईरान-इजरायल युद्ध में वायरल पोस्ट, दुबई में हुआ गिरफ्तार; अब ऐसे भारत लौटा सहारनपुर का युवक

सहारनपुर के युवक को दुबई में एक मिसाइल इंटरसेप्ट का वीडियो पोस्ट करने पर गिरफ्तार किया गया. ईरान-इजरायल युद्ध के दौरान वायरल हुए इस वीडियो के कारण उसे अबू धाबी जेल में रहना पड़ा. अब केंद्र सरकार और भारतीय दूतावास के हस्तक्षेप के बाद प्रियम सकुशल भारत लौट आया है.

दो दिन पहले सहारनपुर लौट आया युवक Image Credit:

सहारनपुर के गोपालनगर निवासी प्रियम शर्मा को दुबई में एक मिसाइल इंटरसेप्ट का वीडियो पोस्ट करना भारी पड़ा. ईरान-इजरायल युद्ध के दौरान वीडियो वायरल हिुआ था, जिसके बाद दुबई पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था. इसके बाद उसे अबू धावी जेल में भी रहना पड़ा था. हालांकि, अब केंद्र सरकार के हस्तक्षेप के बाद अब वह सकुशल भारत लौट आया है.

प्रियम शर्मा, इंटरनेशनल बिजनेस स्टडी के लिए 2025 में दुबई गया था. दोस्तों ने उसके पिता संजीव शर्मा को पूरी घटना की जानकारी दी. बेटे की गिरफ्तारी की खबर मिलते ही परिवार में हड़कंप मच गया. इसके बाद प्रियम के पिता ने सहारनपुर विधायक राजीव गुंबर से मदद की गुहार लगाई. प्रियम, जेल से रिहा होकर 16 अप्रैल को दिल्ली पहुंचा.

‘हालात नियंत्रण में है, इसलिए वीडियो पोस्ट किया’

जानकारी के मुताबिक, विधायक राजीव गुंबर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी से संपर्क किया. उनके हस्तक्षेप के बाद राजीव गुंबर, प्रियम के पिता को साथ लेकर केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह से मिले और पूरे मामले की जानकारी दी. फिर दुबई स्थित भारतीय दूतावास से जानकारी जुटाई गई और युवक को लाया गया.

प्रियम ने पुलिस को बताया कि उसने यह वीडियो केवल यह दिखाने के उद्देश्य से पोस्ट किया था कि दुबई में हालात नियंत्रण में हैं और किसी तरह की दहशत की स्थिति नहीं है. इसके बावजूद पुलिस ने उसकी दलील नहीं मानी और कोर्ट में पेश करने के बाद उसे आबू धाबी की जेल भेज दिया गया. प्रियम दो दिन पहले सहारनपुर लौटा और विधायक का धन्यवाद किया.

जेल में पर्याप्त पानी और भोजन नहीं मिल रहा था

प्रियम ने बताया कि जेल में रहते हुए उसकी उम्मीदें धीरे-धीरे खत्म हो रही थीं. उसे लगने लगा था कि अब रिहाई मुश्किल है, क्योंकि अरब देशों में कानून काफी सख्त होते हैं. उसने बताया कि जेल में पर्याप्त पानी और भोजन नहीं मिल रहा था और परिवार से बात भी नहीं हो पा रही थी. मानसिक दबाव भी काफी था. परिवार पर अलग दुखों का पहाड़ टूट पड़ा था.

प्रियम के अनुसार, जब उसे अपनी रिहाई की जानकारी मिली तो उसकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा. फिलहाल वह अपने परिवार के साथ समय बिताना चाहता है और दुबई जाकर आगे की पढ़ाई जारी रखने पर अभी कोई निर्णय नहीं लिया है. प्रियम के पिता संजीव शर्मा ने बताया कि बेटे की गिरफ्तारी की खबर सुनकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई थी.

देश की मजबूत विदेश नीति का ही परिणाम- MLA

प्रियम के पिता संजीव शर्मा ने बताया कि वह विधायक राजीव गुंबर से संपर्क किया, जो उन्हें लेकर दिल्ली गए. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के हस्तक्षेप से ही उनका बेटा सुरक्षित भारत लौट सका. वहीं, विधायक राजीव गुंबर ने प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और विदेश राज्य मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह को रिहाई का श्रेय दिया और इसे देश की मजबूत विदेश नीति का ही परिणाम बताया.

Follow Us