भगवा चोला ओढ़ सहारनपुर में ठगी कर थे 2 ‘बाबा’, हिंदू सगंठनों ने पकड़ा; 24 घंटे बाद भी पुलिस बेखबर
सहारनपुर में भगवा चोला पहने दो फर्जी 'बाबा' महिलाओं को तंत्र-मंत्र के नाम पर ठगते पकड़े गए हैं. पानीपत के रहने वाले इन जालसाजों को हिंदू संगठनों ने दबोचा, जिनके पास से ठगी का हिसाब-किताब मिला है. हैरानी की बात है कि घटना के 24 घंटे बाद भी पुलिस को इसकी खबर नहीं है. जबकि घटना का वीडियो वायरल हो चुका है. अब पुलिस मामले की जांच का दावा कर रही है.
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में एक हैरान करने वाली घटना हुई है. हरियाणा में पानीपत के रहने वाले दो जालसाज भगवा चोला ओढ़कर यहां महिलाओं के साथ ठगी कर रहे थे. संदेह के आधार पर हिंदू संगठन के लोगों ने इन्हें दबोच लिया. तलाशी ली तो इनके पास से दो महंगे मोबाइल फोन और डायरी में लाखों रूपये की वसूली और बंदरबांट का हिसाब मिला. उधर, इस घटना के 24 घंटे बाद भी पुलिस अनजान है. पुलिस का कहना है कि एक दिन पहले इस घटना के वीडियो की जानकारी मिली थी.
मामला सहारनपुर में गंगोह का है. हिंदू वादी नेता रोहित प्रधान के मुताबिक भगवा भेष में महिलाओं के साथ ठगी करने वाले दो युवकों को पकड़ा गया है. दोनों हरियाणा में पानीपत के रहने वाले है. इनमें एक की पहचान काला नाथ के रूप में हुई है. रोहित प्रधान के मुताबिक ये दोनों नकली बाबा खड़लाना गांव में एक महिला को तंत्र-मंत्र के जाल में उलझाकर ठगी कर रहे थे. आरोपियों ने पूजा-पाठ और कथित साधना के नाम पर महिला से मोटी रकम ऐंठ ली है.
रखवा लिया सारा सामान
सूचना मिलने पर पहुंचे हिंदू संगठन के लोगों ने दोनों आरोपियों को पकड़ लिया और इनकी तलाशी ली. इस दौरान इनके पास से महंगे मोबाइल फोन और बाइक के अलावा कई अन्य संदिग्ध दस्तावेज मिले हैं. इसमें एक डायरी भी शामिल है. इस डायरी में आरोपियों ने किससे कितनी उगाही की है और कैसे बंटवारा किया है, यह पूरा हिसाब है. हिंदूवादी नेता रोहित प्रधान के मुताबिक आरोपियों का सारा सामान रखवाकर उन्हें छोड़ दिया गया है.
वायरल हो रहा वीडियो
इन दोनों बाबाओं के पकड़े जाने का वीडियो सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है. पुलिस के मुताबिक हिंदू संगठनों ने इस घटना की कोई जानकारी पुलिस को नहीं दी है. हालांकि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की खबर पुलिस को है. पुलिस के मुताबिक मामले की जांच पड़ताल कराई जा रही है. SP देहात सागर जैन के मुताबिक मीडिया के माध्यम से मिली है, जांच के बाद ही इस संबंध में कुछ कहा जा सकता है.
