हथिनीकुंड बैराज में रेस्क्यू ट्रेनिंग के दौरान बड़ा हादसा! बोट पलटी, पैरामिलिट्री के 2 जवान लापता

हथिनीकुंड बैराज पर पैरामिलिट्री जवानों की रेस्क्यू ट्रेनिंग के दौरान बड़ा हादसा हो गया. यमुना नदी में ट्रेनिंग के दौरान जवानों को बचाने वाली नाव पलट गई. इस हादसे के बाद दो जवान लापता बताए जा रहे हैं. यूपी-हरियाणा पुलिस और NDRF की टीमें बड़े पैमाने पर तलाश अभियान चला रही हैं.

रेस्क्यू ट्रेनिंग के दौरान नाव पलटने से दो जवान लापता

यूपी-हरियाणा बॉर्डर पर स्थित हथिनीकुंड बैराज के पास यमुना नदी में पैरामिलिट्री फोर्स की रेस्क्यू ट्रेनिंग के दौरान बड़ा हादसा हो गया. हेलीकॉप्टर से यमुना में छलांग लगाने वाले जवानों के रेस्क्यू के लिए लगाई गई बोट अचानक पानी में बंद हो गई. इसके बाद बोट असंतुलित होकर पलट गई. हादसे के बाद बोट में सवार दो जवान लापता हो गए हैं.

जानकारी के मुताबिक, यमुना नदी में पैरामिलिट्री जवानों की रेस्क्यू ट्रेनिंग चल रही थी. हादसे के वक्त नाव में सवार चार जवानों में से दो किसी तरह नाव को पकड़कर सुरक्षित बाहर निकल आए, जबकि दो जवान यमुना नदी के गहरे पानी में डूब गए. घटना की सूचना मिलते ही यूपी ओर हरियाणा के पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया.

NDRF और सेना का सर्च ऑपरेशन जारी

हादसे के बाद लापता जवानों की तलाश के लिए यमुना में बड़े स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया है. मेरठ से NDRF की टीम को मौके पर बुलाया गया है. इसके अलावा हरियाणा के गोताखोर और सेना के जवान भी नदी में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं. यमुना के गहरे पानी में लापता जवानों के लिए सर्च अभियान चलाया जा रहा है.

लापता जवान को ढूंढने के लिए भारतीय वायु सेना (IAF) के हेलीकॉप्टरों को भी तैनात किया गया है, ताकि निचले इलाकों में हवाई निगरानी रखी जा सके. प्रताप नगर थाने के SHO रोहताश ने बताया कि बैराज पर सेना के कुछ जवान ट्रेनिंग ड्रिल कर रहे थे, तभी हादसे हुआ. ये हिमाचल प्रदेश के नाहन में तैनात 1 पैराशूट बटालियन के जवान हैं.

कई थानों के पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद

घटना की गंभीरता को देखते हुए सहारनपुर के मिर्जापुर थाना प्रभारी विनोद कुमार और हथिनीकुंड बैराज पुलिस चौकी प्रभारी अवशेष भाटी पुलिस टीम के साथ मौके पर मौजूद हैं. अधिकारी पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन की निगरानी कर रहे हैं. रेस्क्यू टीमों की ओर से नदी के अलग-अलग हिस्सों में लापता दोनों जवानों को तलाशने की कोशिश की जा रही है.

Follow Us