‘गोली मार दो मुझे…’ गई थीं पीड़ित के लिए न्याय मांगने, पुलिस ने उन्हें ही पहुंचा दिया थाने; बरस पड़ी सांसद इकरा हसन

सपा सांसद इकरा हसन सहारनपुर में एक हत्या पीड़ित को न्याय दिलाने डीआईजी कार्यालय पहुंचीं, जहां पुलिस से उनकी तीखी बहस हुई. सांसद ने आरोप लगाया कि उन्हें हिरासत में लिया गया और थाने बिठाया गया, जबकि पुलिस ने इन आरोपों से इनकार किया है. पुलिस के मुताबिक जाम लगने की वजह से उन्हें हटाया गया था. इसके बाद, इकरा हसन समर्थकों की रिहाई के लिए सदर थाने में धरने पर बैठ गईं.

सहारनपुर महिला थाने में सांसद इकरा हसन Image Credit:

सहारनपुर में हत्या के एक मामले में पीड़ित पक्ष के साथ डीआईजी ऑफिस पहुंची सपा सांसद इकरा हसन के साथ बदसलूकी का मामला सामने आया है. इस दौरान सांसद इकरा हसन का पुलिस अधिकारियों के साथ हॉट-टॉक भी हुआ. उन्होंने पुलिस पर उन्हें हिरासत में लेने और लोकतंत्र की हत्या करने का आरोप लगाया है. हालांकि पुलिस ने उनके आरोपों को खारिज किया है. पुलिस के मुताबिक सांसद के काफिले की वजह से जाम लग रहा था, इसलिए उन्हें वहां से हटाया गया. मामला मंगलवार की दोपहर का है.

जानकारी के मुताबिक सांसद इकरा हसन मंगलवार की दोपहर शामली के जसाला गांव में मोनू कश्यप मर्डर केस को लेकर डीआईजी से मिलने पहुंची थीं. मोनू के परिजनों का आरोप है कि उसकी हत्या हुई है. बावजूद इसके पुलिस इस मामले में ठोस कार्रवाई नहीं कर रही. इकरा हसन का आरोप है कि वह न्याय के लिए DIG ऑफिस गईं, लेकिन उनकी बात तक नहीं सुनी गई. उल्टा उन्हें हिरासत में लेकर महिला थाने में बैठा दिया गया.

हिरासत में लेने का आरोप

उन्होंने कहा कि उनके ऊपर आरोप लगाया गया कि उनके काफिले में आई गाड़ियों की वजह से जाम लग रहा था. जबकि उनकी सभी गाड़ियां पार्किंग में खड़ी थीं. मौके पर कोई जाम भी नहीं लगा था. उनके आरोपों पर पुलिस ने भी सफाई दी है. पुलिस के मुताबिक DIG कार्यालय के बाहर सांसद के काफिले की गाड़ियां खड़ी होने की वजह से आवागमन बाधित हो रहा था. ऐसे में पुलिस ने इन सभी गाड़ियों को हटवाया गया. पुलिस ने सांसद को हिरासत में लेने के आरोपों को भी खारिज किया है.

एसएचओ को लगाई फटकार

महिला थाने में एसएचओ ने इकरा हसन का हाथ पकड़ने का प्रयास किया. इस बात पर सांसद भड़क गई. उन्होंने एसएचओ को फटकार लगाते हुए कहा कि “हाथ मत लगाओ, दूर रहो मुझसे”. इस दौरान पुलिसकर्मियों ने उन्हें पानी ऑफर किया तो कहा- “तुम्हारा गंदा पानी नहीं पीना”. करीब सात मिनट तक महिला थाने में रहने के बाद इकरा हसन वहां से वापस निकल गईं. जाते समय उन्होंने कहा कि पुलिस ने सिर्फ “ड्रामा” करने के लिए उन्हें वहां बैठाया था.

सदर थाने पहुंची सांसद

घटना के बाद पार्टी समर्थकों की गिरफ्तारी से नाराज सांसद इकरा हसन सदर थाने में जाकर बैठ गई हैं. उन्होंने कहा कि जब तक गिरफ्तार लोगों को रिहा नहीं किया जाता, वह नहीं उठेंगी. इस दौरान उन्होंने एसपी सिटी को भी फटकार लगाई. उन्होंने कहा कि गोली मार दो. इस बार पर एसपी सिटी हंसने लगे तो उन्हें कहा कि हंसो मत. इकरा हसन के साथ इस समय थाने में बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के नेता और कार्यकर्ता मौजूद हैं.

Follow Us